Moradabad News: नाराज उपभोक्ताओं ने घेरा एमएलसी का घर, एमएलसी का भी नहीं उठा फोन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद/पाकबड़ा। बिजली संकट को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। बिजली विभाग की लापरवाह कार्यशैली जनप्रतिनिधियों पर भी भारी पड़ रही है। विभाग के अधिकारी फॉल्ट होने पर उपभोक्ताओं का तो फोन रिसीव नहीं करते अब जनप्रतिनिधि भी उनके लिए कोई मायने नहीं रखते। शुक्रवार की रात में 12 बजे फॉल्ट के चलते बिजली गुल होने से नाराज उपभोक्ताओं ने नया मुरादाबाद में एमएलसी गोपाल अंजान के घर का घेराव कर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने उन्हें भी खरी खोटी सुनाई।

करुला दससराय विद्युत केंद्र में शुक्रवार की रात करीब 12 बजे फाल्ट हो गया। भीषण गर्मी में बिजली गुल होने से उपभोक्ताओं में नाराजगी पनपी। उन्होंने कारण जानने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को फोन मिलाया लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने नया मुरादाबाद के सेक्टर 13 स्थित विद्युत केंद्र पहुंचकर हंगामा किया। इसके बाद सेक्टर 14 स्थित भाजपा एमएलसी गोपाल अंजान के घर के बाहर पहुंच कर लोगों ने नारेबाजी की। जिस पर एमएलसी ने भी कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार फोन मिलाया लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ।

 इससे उपभोक्ताओं के साथ एमएलसी का भी पारा चढ़ गया। सीतापुरी निवासी रमेश सैनी ने बताया कि फॉल्ट होने के बाद अधिकारी और कर्मचारी उपभोक्ताओं के फोन उठाना बंद कर देते हैं, यहां तक कि कई बार मोबाइल स्विच ऑफ कर लेते हैं। लोगों ने एमएलसी से कहा कि जब वोट भाजपा सरकार को दिया है तो बिजली मांगने कहां जाएं। जिस पर एमएलसी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को फिर फोन मिलाया लेकिन नहीं उठा। जिस पर एमएलसी के पास जनता को देने के लिए उस वक्त न तो कोई आश्वासन था और न कोई जबाव।

लोगों ने आरोप लगाया कि जनता अंधेरे में गर्मी में परेशान है। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को समझाकर शांत किया और इसके बाद लोग बिजली घर पर पहुंचे और हंगामा किया। बिजली घर पर रखी कुर्सियों को भी तोड़ डाला। वहां भी पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। बिजली घर पर रात में तैनात एसएसओ संजय कुमार ने बताया कि रात में नया मुरादाबाद एवं रेल विहार के लोग आए थे। हालांकि शनिवार को मामले में मुख्य अभियंता ने अवर अभियंता को नया मुरादाबाद से हटाकर देहात क्षेत्र में स्थानांतरित कर दिया।

आंधी तूफान को रोकना तो किसी के हाथ नहीं है। लेकिन जनता और जन प्रतिनिधि बिजली कर्मचारियों को फोन कर रहे हैं तो फोन उठाकर समस्या को सुनकर समाधान करें या संतोषजनक जवाब दें। शुक्रवार की रात हुई लापरवाही के चलते अवर अभियंता तेजपाल को नया मुरादाबाद से हटाकर देहात क्षेत्र में ट्रांसफर कर दिया गया है।- अशोक कुमार चौरसिया, मुख्य अभियंता विद्युत वितरण खंड

संबंधित समाचार