JEE Advanced Results: बाराबंकी में किसान के बेटे आदित्य ने लहराया परचम, जेईई एडवांस्ड में हासिल की ऑल इंडिया 177वीं रैंक

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

श्री साई इंटर कॉलेज के पांच मेधावियों ने जेईई एडवांस्ड में मारी बाजी, नयन, अमृताश, अंशिका और प्रकल्प की सफलता से जिला गौरवान्वित

बाराबंकी, अमृत विचार। जेईई एडवांस्ड 2026 का परिणाम सोमवार को जारी होते ही देशभर में इंजीनियरिंग की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के बीच उत्साह का माहौल बन गया। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर द्वारा आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा में बाराबंकी जिले के होनहार विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

खास बात यह रही कि सफलता प्राप्त करने वाले पांचों छात्र बड़ेल कैनाल रोड स्थित श्री साई इंटर कॉलेज के हैं। परिणाम घोषित होते ही विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। विद्यालय के मेधावी छात्र आदित्य वर्मा ने ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 177 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। नवाबगंज तहसील क्षेत्र के कोठीडीह मोहल्ला निवासी किसान अमित कुमार एवं संगीता देवी के पुत्र आदित्य वर्मा ने इस उपलब्धि से एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा में भी आदित्य ने प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया था। लगातार दो बड़ी सफलताओं ने उन्हें जिले के अग्रणी मेधावी छात्रों की श्रेणी में ला खड़ा किया है। अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, एकाग्रता और नियमित अभ्यास को देते हुए आदित्य ने कहा कि शांत मन से पढ़ाई करने और लगातार अभ्यास करने से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि परीक्षा से ठीक पहले की पढ़ाई पर निर्भर रहने के बजाय पूरे वर्ष नियमित अध्ययन करना चाहिए। इसी क्रम में देवां क्षेत्र के पीड़ निवासी किसान राज किशोर और नीलम वर्मा के पुत्र नयन वर्मा ने ऑल इंडिया रैंक 3314 हासिल की। वहीं ग्राम सफीपुर निवासी जितेंद्र बहादुर एवं निशा सिंह के पुत्र अमृताश सिंह ने 9587वीं रैंक प्राप्त कर परिवार और जिले का गौरव बढ़ाया।

cats

बांसा क्षेत्र के ग्राम चक निवासी शिक्षक लीला रमन एवं अंजू वर्मा की पुत्री अंशिका वर्मा ने 12031वीं रैंक हासिल कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। वहीं सत्यप्रेमी नगर निवासी शिक्षक प्रशांत खरे एवं कल्पना श्रीवास्तव के पुत्र प्रकल्प खरे ने ऑल इंडिया रैंक 13246 प्राप्त की। प्रकल्प ने जेईई एडवांस्ड 2025 में 17140वीं रैंक हासिल की थी। इस वर्ष उन्होंने अपने प्रदर्शन में उल्लेखनीय सुधार किया है।

प्रकल्प खरे ने कहा कि विद्यार्थियों को पढ़ाई को कभी बोझ नहीं समझना चाहिए। सेल्फ स्टडी और निरंतर अभ्यास ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने छात्रों से आत्मविश्वास बनाए रखने और नियमित अध्ययन करने की अपील की। परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में मिठाइयां बांटी गईं और ढोल-नगाड़ों के साथ मेधावी छात्रों की सफलता का जश्न मनाया गया।

श्री साई इंटर कॉलेज के प्रबंधक सुरेंद्र वर्मा ने सफल विद्यार्थियों के अभिभावकों को फोन कर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अभिभावकों ने भी बच्चों की उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन का आभार जताया। गौरतलब है कि जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा का आयोजन 17 मई को दो पेपरों में किया गया था।

देश की सबसे कठिन प्रवेश परीक्षाओं में शामिल इस परीक्षा में सफलता पाने वाले विद्यार्थियों को देश के शीर्ष आईआईटी और अन्य प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश का अवसर मिलता है। परीक्षा में ज्ञान के साथ-साथ समय प्रबंधन और समस्या समाधान क्षमता की भी कड़ी परीक्षा होती है, जिसके कारण हर वर्ष सीमित संख्या में छात्र ही इसमें सफलता प्राप्त कर पाते हैं।

cats

एम.बी. कॉलेज के दो छात्रों ने हासिल की 4080 वीं और  6332 वीं रैंक

जेईई एडवांस 2026 के घोषित परिणाम में हैदरगढ़ रोड स्थित एम.बी. कॉलेज के दो छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर विद्यालय और जनपद का नाम रोशन किया है। छात्र आर्यन पटेल ने ऑल इंडिया रैंक 4080 तथा अभिषेक कुमार वर्मा ने ऑल इंडिया रैंक 6332 प्राप्त की। आर्यन पटेल ग्राम इथवापुरवा, पोस्ट जैदपुर के निवासी हैं। उनके पिता सुरेन्द्र वर्मा टाटा मोटर्स में कार्यरत हैं, जबकि माता शशि वर्मा गृहिणी हैं।

वहीं अभिषेक कुमार वर्मा भगमतपुरवा, पोस्ट सतरिख के निवासी हैं। उनके पिता शिव कुमार वर्मा कृषक तथा माता निशा वर्मा गृहिणी हैं। कॉलेज के संस्थापक प्रबंधक दिनेश सिंह ने दोनों छात्रों को सम्मानित करते हुए उनकी सफलता को कड़ी मेहनत, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम बताया। शिक्षकों ने कहा कि दोनों छात्र शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर रहे और नियमित अभ्यास के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। परिणाम घोषित होने के बाद कॉलेज परिसर में खुशी का माहौल रहा और छात्रों को बधाइयों का तांता लगा रहा।

संबंधित समाचार