Bareilly News: 36 घंटे बंधक बनाकर व्यापारी को दी कड़ी यातना, SSP ने चार सिपाहियों को किया निलंबित
बरेली, अमृत विचार। पुलिस और अपराधियों के गठबंधन से व्यापारी को कड़ी यातना से गुजरना पड़ा। ठगों ने प्लाट बेचने के नाम से पहले तो उससे 10 लाख रुपये ऐठ लिए। पीड़ित पुलिस से मामले की शिकायत करता इससे पहले पुलिस ने उसे उठा लिया और थाने में बनी बैरिक में ले जाकर बंद कर दिया। उसे छोड़ने के नाम पर 50 हजार रुपये भी लिए गए। पीड़ित की शिकायत के बाद एसएसपी ने आरोपी चार सिपाहियों को निलंबित करने के साथ उनकी भूमिका की जांच खोल दी है।
प्लॉट खरीदने के नाम पर ठगी
हाफिजगंज के आसपुर निवासी सोमवीर कश्यप ने बताया कि एक परिचित ने उसे शहर के एक इलाके में विकसित की जा रही कॉलोनी में प्लॉट खरीदने की बात कही थी। इसके बाद 12 मई को वह अपने एक मित्र के साथ बातचीत और एग्रीमेंट कराने के लिए गया। आरोप है कि रास्ते में कुछ लोगों ने योजनाबद्ध तरीके से उसके पास मौजूद 10 लाख रुपये से भरा बैग ले लिया और वहां से चले गए। आरोपियों ने न ही रुपये वापस किए और न ही एग्रीमेंट कराया। आरोप है कि इसके बाद 14 अप्रैल को विलयधाम के पास से आरोपियों के इशारे पर चार पुलिसकर्मी जिनके नाम आशीष मिश्रा, राहुल कुमार, आदित्य प्रताप सिंह और सिद्धांत चौधरी हैं, वह उसे जबरन अपनी कार में डालकर थाना बारादरी ले आए और थाने में न रखकर अपने बैरिक में बंद कर दिया।
थाने में किया गया प्रताड़ित
थाने में उसे प्रताड़ित किया गया। धमकाया गया और जेल भेजने के साथ एनकाउंटर तक करने की धमकी दी गई। उसे छोड़ने के नाम पर उसके घर से 50 हजार रुपये मंगवाए गए। और फिर अलगे दिन से उसे छोड़ा गया। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। जिसके बाद एसएसपी ने चार दिन पहले आरोपी सिपाही आशीष मिश्रा, राहुल कुमार, आदित्य प्रताप सिंह और सिद्धांत चौधरी को निलंबित कर दिया। साथ ही उनकी जांच भी खोली गई है। जिसमें आरोप सही जाए जाते है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी।
तस्करों से भी थी सेटिंग, जमकर हुई थी वसूली
चारों सिपाहियों के बारे में बताया जाता है कि यह सेटेलाइट चौकी पर तैनात थे। आरोप है कि लंबे समय से यह लोग फाइक इन्क्लेब में रहने वाले तस्करों से भी वसूली करते थे। उस समय उनपर बारादरी के एक इंस्पेक्टर का हाथ था। यह बारादरी थाने की एसओजी बनकर काम किया करते थे। लोगों को जेल भेजने की धमकी देकर, डराकर इन्होंने कई लोगों से वसूली की थी और जब बात नहीं बनी तो कई लोगों को जेल भी भेजा था।
मोबाइल से डिलिट कराया था कुछ
आरोपी सिपाहियों ने पीड़ित को बारादरी थाने की बैरिक में रखकर प्रताणित किया। इसके साथ ही वह उसके फोन से कई चीजों को डिलिट भी करा रहे थे। पीड़ित का कहना है कि आरोपी सिपाहियों ने उनसे कई सादा कागजों पर हस्ताक्षर भी कराए थे। एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इनपर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
