Uttrakhand News: इंटरनेट से मिला कस्टमर केयर नंबर पड़ा महंगा, खाते से उड़ाए दो लाख रुपये

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

स्क्रीन शेयरिंग के बहाने जालसाज ने खाली किया खाता, धड़ाधड़ आने लगे ओटीपी

हल्द्वानी, अमृत विचार। इंटरनेट पर मिले कथित कस्टमर केयर नंबर पर संपर्क करना एक युवक को भारी पड़ गया। साइबर ठगों ने स्क्रीन शेयरिंग के बहाने उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित के पिता की तहरीर पर काठगोदाम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

इंटरनेट से खोजा था नंबर
पुलिस को दी गई शिकायत में ग्राम पसौली, पोस्ट रौशिला निवासी नारायण सिंह ने बताया कि उनके बेटे देवेन्द्र ने 25 मई को एक भुगतान संबंधी समस्या के समाधान के लिए इंटरनेट पर खोजकर एक कस्टमर केयर नंबर निकाला था। उसने उक्त नंबर पर संपर्क किया तो दूसरी ओर मौजूद व्यक्ति ने मोबाइल स्क्रीन शेयर करने को कहा।

स्क्रीन शेयरिंग के बाद खाता खाली
आरोप है कि स्क्रीन शेयरिंग के बाद साइबर ठग ने मोबाइल फोन और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी का दुरुपयोग किया। इस दौरान देवेन्द्र के मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे, जिससे उसे संदेह हुआ कि उसका फोन हैक कर लिया गया है। कुछ ही देर बाद उसके बैंक खाते से दो लाख रुपये रुपए निकाल लिए गए।

फौरन कराया खाता फ्रीज
घटना का पता चलते ही देवेन्द्र ने तत्काल अपना बैंक खाता फ्रीज कराया और बैंक अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद पीड़ित कोतवाली काठगोदाम पहुंचा। कोतवाल जसवीर सिंह ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

 

संबंधित समाचार