Karnataka Politics: डीके शिवकुमार बने कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री, कैबिनेट में सिद्धारमैया के बेटे समेत 13 मंत्री शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बेंगलुरु: कर्नाटक की राजनीति में आखिरकार एक नए अध्याय की शुरुआत हो चुकी है। कांग्रेस के दिग्गज नेता और संकटमोचक कहे जाने वाले डी. के. शिवकुमार ने बुधवार को कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ली। बेंगलुरु के लोक भवन स्थित 'ग्लास हाउस' में आयोजित एक भव्य समारोह में राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।

इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए कांग्रेस आलाकमान खुद मौजूद रहा, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल सहित कई शीर्ष नेता शामिल हुए। 8 बार के विधायक रहे डीके शिवकुमार के लिए यह शपथ ग्रहण उनके लंबे राजनीतिक संघर्ष और मुख्यमंत्री बनने के सपने के सच होने जैसा है।

MUSKAN DIXIT (49)

सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद खुला कप्तानी का रास्ता

मुख्यमंत्री पद को लेकर डीके शिवकुमार और पूर्व सीएम सिद्धारमैया के बीच लंबे समय से चल रही सियासी खींचतान का अंत पिछले हफ्ते हो गया था। कांग्रेस हाईकमान के निर्देश का पालन करते हुए सिद्धारमैया ने 28 मई को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता पूरी तरह साफ हुआ।

डीके कैबिनेट का विस्तार: 13 मंत्रियों ने भी ली शपथ

मुख्यमंत्री शिवकुमार के साथ-साथ उनके मंत्रिमंडल के 13 अन्य कद्दावर नेताओं को भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ दिलाई गई है। इस नई कैबिनेट में क्षेत्रीय और सामाजिक समीकरणों का पूरा ध्यान रखा गया है।

MUSKAN DIXIT (50)

मंत्रिमंडल के प्रमुख चेहरे

के. एच. मुनियप्पा: 78 वर्षीय मुनियप्पा कांग्रेस के वरिष्ठ दलित नेता हैं। वे कोलार सीट से 7 बार लोकसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रह चुके हैं। इस बार वे देवनहल्ली सीट से पहली बार विधायक चुनकर कैबिनेट का हिस्सा बने हैं।

यतींद्र सिद्धारमैया: पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बेटे यतींद्र सिद्धारमैया को भी शिवकुमार कैबिनेट में जगह मिली है।

कैबिनेट में शामिल अन्य मंत्रियों की सूची

* के.जे. जॉर्ज
* एम.बी. पाटिल
* रामलिंगा रेड्डी
* सतीश जारकीहोली
* कृष्ण बायरेगौड़ा
* प्रियांक खरगे
* यू.टी. खादर
* ईश्वर खांद्रे
* बैराथी सुरेश
* शरण प्रकाश पाटिल

दक्षिण में कांग्रेस की नई शुरुआत

सिद्धारमैया युग के बाद अब डीके शिवकुमार के हाथों में कर्नाटक की कमान है। 13 मंत्रियों के इस नए दल के साथ मुख्यमंत्री शिवकुमार के सामने राज्य के विकास और पार्टी के चुनावी वादों को पूरा करने की एक बड़ी और अहम चुनौती होगी।

संबंधित समाचार