पीलीभीत में राशन की कालाबाजारी : मगरासा कोटेदार ने बेचा 82.84 क्विंटल सरकारी अनाज, FIR दर्ज
पीलीभीत, अमृत विचार : यूपी के पीलीभीत में गरीबों का राशन बेचने वाली बड़ी कालाबाजारी का मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत मगरासा की उचित दर विक्रेता (कोटेदार) मुन्नी देवी पर सरकारी राशन की कालाबाजारी का आरोप लगा है। पूर्ति विभाग की टीम ने जांच में 82.84 क्विंटल अनाज कम पाया। पूर्ति निरीक्षक के निरीक्षण और गोदाम पर पहुंचकर की गई जांच में 82.84 क्विंटल अनाज कम निकला।
जांच में खुलासा, राशन कार्ड धारकों ने खोला राज
राशन कार्ड धारकों ने भी लिखित बयान में कोटेदार का कालाबाजारी का चिट्ठा टीम के सामने ही खोल दिया। जहानाबाद पुलिस ने पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोटेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पूर्ति निरीक्षक नितिन पटेल पुत्र सतीश कुमार ने जहानाबाद थाने में दी तहरीर में बताया कि क्षेत्रीय भ्रमण के दौरान 27 मई को ग्राम मगरासा की उचित दर विक्रेता मुन्नी देवी की दुकान का निरीक्षण किया। मुन्नी देवी और उसके पुत्र कृष्णपाल की मौजूदगी में जांच की गई। दुकान पर साइन बोर्ड, टोल फ्री नंबर, रेट बोर्ड आदि नहीं मिला।
नहीं मिला स्टाक रजिस्टर
अंत्योदय राशन कार्ड धारकों की सूची अपठनीय मिली। विक्रेता से स्टाक रजिस्टर मांगे जाने पर पता चला कि रजिस्टर बनाया ही नहीं है। विवरण रजिस्टर भी नहीं था। इसके बाद राशन कार्ड धारकों के बयान लिए गए। जिसमें राशन की कालाबाजारी सामने आई। समय से दुकान न खोलने की भी बात सामने आई।
जहानाबाद पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट
जांच में सामने आया कि स्टॉक में 60.76 क्विंटल गेहूं और 40.33 क्विंटल चावल होना चाहिए लेकिन मौके पर गेहूं निल और 18.25 क्विंटल चावल ही मिला। ऐसे में 82.84 क्विंटल राशन कम निकला। जिसमें 60.76 क्विंटल गेहूं और 22.08 क्विंटल चावल की कालाबाजारी का अंदेशा जताया गया। जहानाबाद पुलिस ने कोटेदार मुन्नी देवी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
