UP News: स्टेडियम में तैराकी सीखने आया मासूम डूबने से बचा, हादसा टला मगर ट्रेनर्स की निगरानी पर सवाल !
सात साल के बेटे को डूबता देखा तो मां ने मचाया शोर, स्टेडियम के सुरक्षा गार्ड ने बचाया
पीलीभीत, अमृत विचार। शहर के गांधी स्टेडियम स्थित तरणताल में बुधवार शाम बड़ा हादसा होते-होते टल गया। करीब सात वर्षीय एक बालक गहरे पानी वाले पूल में उतर जाने से डूबने लगा। मौके पर मौजूद सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से उसकी जान बच गई। घटना के बाद तरणताल परिसर में अफरा-तफरी मची रही।
तैराकी सीखने पहुंचा था मासूम
बताते है कि बालक का हाल ही में तरणताल में नया पंजीकरण हुआ था। बुधवार को वह अपनी मां के साथ तैराकी सीखने पहुंचा था। नियमानुसार उसे शावर लेने के बाद बच्चों के लिए निर्धारित छोटे पूल में जाना था, लेकिन वह अचानक बड़े और गहरे पूल में छलांग लगा बैठा। गहराई अधिक होने के कारण वह पानी में डूबने लगा। बच्चे को संघर्ष करते देख उसकी मां घबरा गई और शोर मचाया। इस पर वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने पानी में उतरकर बालक को बाहर निकाला।
बच्चे की बिगड़ी हालत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चे के पेट में पानी चला गया था और कुछ देर के लिए उसकी हालत गंभीर हो गई थी। प्राथमिक सहायता मिलने के बाद उसकी स्थिति सामान्य हुई। घटना के बाद तरणताल में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठाए गए। उनका कहना था कि नए और छोटे बच्चों पर प्रशिक्षकों की विशेष निगरानी होनी चाहिए। वहीं चर्चा रही कि घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारी मामले को दबाने और सार्वजनिक होने से रोकने में जुटे रहे।फिलहाल समय रहते नजर बच्चे पर न पड़ती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
