UP News: ट्रेड डील से खफा किसान फूंक रहे ट्रंप का पुतला, पीलीभीत में भाकियू चढूनी नेता नजरबंद 

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

पीलीभीत, अमृत विचार। भारत-अमेरिका प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील के विरोध में प्रदर्शन और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन करने के ऐलान को लेकर गुरुवार को जिले में पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा। भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो समेत कई पदाधिकारियों को सुबह  ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। हालांकि दावा है कि कार्यकर्ताओं ने इसके बावजूद कई जगह पुतले फूंक दिए। 

NAZAR
पीलीभीत में भाकियू चढ़ूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो नजरबंद

पुतला फूंकने की थी तैयारी
बताते है कि संगठन की ओर से जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री को ज्ञापन देने और ट्रंप का पुतला फूंकने की तैयारी की गई थी। इसके मद्देनजर पुलिस टीम सुबह से अलर्ट थी। जिलाध्यक्ष समेत कई पदाधिकारियों के घरों पर निगरानी बढ़ा दी। हालांकि, संगठन के कार्यकर्ता प्रशासनिक कार्रवाई के बावजूद कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन करने में सफल रहे। जिलाध्यक्ष का दावा है कि पूरनपुर क्षेत्र समेत कई जगहों पर कार्यकर्ताओं ने चौराहों पर पहुंचकर अमेरिकी राष्ट्रपति के पुतले फूंके और प्रस्तावित ट्रेड डील के खिलाफ नारेबाजी की। 

ट्रेड डील को बताया खतरा
जिलाध्यक्ष रंजीत सिंह कहलो ने आरोप लगाया कि पुलिस ने कई पदाधिकारियों को उनके घरों में ही नजरबंद कर दिया, ताकि वे आंदोलन में शामिल न हो सकें। उन्होंने कहा कि हरियाणा सहित देश के विभिन्न राज्यों में किसान संगठनों और नागरिकों द्वारा इस प्रस्तावित समझौते के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।  भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड डील देश की कृषि, ग्रामीण अर्थव्यवस्था, छोटे व्यापार, रोजगार और आत्मनिर्भरता के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। 

किसानों से भी ली जाए सहमति
उन्होंने मांग की कि कृषि, खाद्य सुरक्षा और करोड़ों लोगों की आजीविका से जुड़े किसी भी फैसले से पहले किसानों और संबंधित पक्षों की व्यापक सहमति ली जाए। संगठन ने केंद्र सरकार से प्रस्तावित फ्री ट्रेड डील को तत्काल प्रभाव से निरस्त करने की मांग की है।

संबंधित समाचार