Uttrakhand News: राज्यपाल दर्शन को पहुंचे नंदा देवी मंदिर, पूजा-अर्चना कर की प्रदेश की समृद्धि के लिए प्रार्थना
दो दिवसीय मुनस्यारी भ्रमण पर हैं राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह
पिथौरागढ़, अमृत विचार। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने अपने दो दिवसीय मुनस्यारी भ्रमण के दौरान शनिवार को प्रसिद्ध नंदा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर की चर्चा
इस अवसर पर राज्यपाल ने क्षेत्र में संचालित पर्यटन गतिविधियों का देखा तथा नंदा देवी मंदिर परिसर एवं उसके आसपास विकसित पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिला प्रशासन को बधाई दी। जिला प्रशासन द्वारा उन्हें विकासखंड मुनस्यारी में विकसित हो रही पर्यटन गतिविधियों, मिलम, खलिया टॉप, बिर्थी, पंचाचूली क्षेत्र तथा अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने नंदा देवी मंदिर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से भी मुलाकात कर मंदिर की व्यवस्थाओं तथा धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा की।
समहू की महिलाओं से किया संवाद
राज्यपाल ने मंदिर परिसर में उपस्थित स्थानीय महिला स्वयं सहायता समूहों तथा ग्रामीणों से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं द्वारा स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिला समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
होमस्टे संचालकों से की मुलाकात, समस्याएं सुनीं
राज्यपाल ने क्षेत्र के होमस्टे संचालकों से भी मुलाकात की तथा उनके अनुभवों, सुझावों एवं समस्याओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि मुनस्यारी आज उत्तराखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में अपनी विशिष्ट पहचान बना चुका है। वर्तमान में नगर क्षेत्र में लगभग 120 होमस्टे संचालित हो रहे हैं, जबकि 32 होटल, एक दर्जन से अधिक लॉज, तीन गेस्ट हाउस तथा 50 से अधिक टेंट पर्यटकों को आवासीय सुविधाएं उपलब्ध करा रहे हैं।
पुलिस जवानों ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर
राज्यपाल उत्तराखंड, लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से. नि.) शनिवार को अपने दो दिवसीय मुनस्यारी भ्रमण पर पहुंचे। मुनस्यारी पहुंचने पर जिला प्रशासन की ओर से जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संतोष सिंह नबियाल तथा 14वीं वाहिनी आईटीबीपी के कमांडेंट रामभरत सिंह कुशवाहा सहित अन्य अधिकारियों ने भी राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद पुलिस के जवानों द्वारा माननीय राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। राज्यपाल ने परेड का निरीक्षण कर जवानों का अभिवादन स्वीकार किया तथा उनके अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
