यूपी चयन समिति की अनदेखी के बावजूद जीशान अंसारी की टीम इंडिया में एंट्री,श्रीलंका ए के खिलाफ चार दिवसीय मुकाबलों में मिला मौका
लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश की रणजी टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे लखनऊ के लेग स्पिनर जीशान अंसारी को भारतीय चयनकर्ताओं ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपते हुए इंडिया-ए टीम में शामिल किया है। जीशान को श्रीलंका-ए के खिलाफ होने वाले चार दिवसीय मुकाबलों के लिए टीम में चुना गया है। यह चयन उनके घरेलू क्रिकेट में लगातार प्रदर्शन और हालिया शानदार फॉर्म का परिणाम माना जा रहा है। जीशान अंसारी ने जनवरी 2020 में तमिलनाडु के खिलाफ उत्तर प्रदेश के लिए अपना आखिरी प्रथम श्रेणी मुकाबला खेला था। इसके बाद उन्हें यूपी की रणजी टीम में लगातार नजरअंदाज किया जाता रहा।
हालांकि, कठिन परिस्थितियों और चयन में अनदेखी के बावजूद उन्होंने अपने प्रदर्शन में गिरावट नहीं आने दी और लगातार घरेलू क्रिकेट में खुद को साबित करते रहे। उत्तर प्रदेश चयन समिति की अनदेखी के बीच जीशान ने अपनी मेहनत और निरंतर प्रदर्शन से राष्ट्रीय चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया। उनका इंडिया-ए टीम में चयन न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यूपी क्रिकेट सिस्टम पर भी सवाल खड़े करता है।
जीशान के कोच गोपाल सिंह ने कहा कि जीशान एक मेहनती और प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं और वे इस मौके का भरपूर फायदा उठाएंगे। जीशान ने अपने क्रिकेट करियर की शुरुआत लखनऊ के एलडीए स्टेडियम से की थी।
