मौद्रिक नीति 2026 : भारत की आर्थिक सुरक्षा का ब्लूप्रिंट
आरबीआई ने द्विमासिक नीति निर्णय जारी किया है। यह आर्थिक विकास तथा महंगाई के बीच संतुलन बनाने की एक व्यापक रणनीति है।
वित्तीय एवं आर्थिक विशेषज्ञ
5 जून 2026 को भारतीय रिज़र्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने अपना द्विमासिक नीति निर्णय जारी किया है। पहली नजर में यह एक साधारण नीति लग सकती है, क्योंकि आरबीआई ने रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर यथावत रखा है, लेकिन यदि इस नीति को गहराई से समझा जाए, तो यह केवल ब्याज दरों का फैसला नहीं, बल्कि गिरते रुपये को संभालने, विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने, विदेशी निवेश आकर्षित करने और आर्थिक विकास तथा महंगाई के बीच संतुलन बनाने की एक व्यापक रणनीति है।
दुनिया इस समय पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, वैश्विक व्यापारिक अनिश्चितताओं और डॉलर की मजबूती जैसी चुनौतियों का सामना कर रही है। ऐसे माहौल में आरबीआई ने एक संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर बनाए रखा और अपनी ‘न्यूट्रल’ नीति को जारी रखा। साथ ही केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए आर्थिक विकास दर (GDP Growth) का अनुमान 6.9 प्रतिशत से घटाकर 6.6 प्रतिशत तथा मुद्रास्फीति (Inflation) का अनुमान 4.6 प्रतिशत से बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत कर दिया। यह संकेत है कि आरबीआई को आने वाले समय में महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका है, लेकिन वह आर्थिक विकास को भी नुकसान नहीं पहुंचाना चाहता।
भारत के करोड़ों परिवारों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि होम लोन, कार लोन और व्यक्तिगत ऋणों की ईएमआई में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। रेपो दर स्थिर रहने का मतलब है कि बैंकों के लिए उधार लेने की लागत नहीं बढ़ी है, हालांकि दूसरी ओर महंगाई का अनुमान बढ़ाकर 5.1 प्रतिशत किया जाना चिंता का विषय है। यदि कच्चे तेल की कीमतें बढ़ती हैं या मानसून सामान्य से कमजोर रहता है, तो खाद्य पदार्थ, परिवहन, गैस सिलेंडर और दैनिक उपयोग की वस्तुएं महंगी हो सकती हैं। अर्थात आम आदमी को ईएमआई के मोर्चे पर राहत तो मिली है, लेकिन घरेलू बजट पर महंगाई का दबाव बना रह सकता है।
नौकरीपेशा वर्ग के लिए यह नीति मिश्रित संकेत देती है। एक तरफ ऋण की लागत स्थिर रहेगी और घर या वाहन खरीदने की योजना बनाने वालों को ब्याज दरों में तत्काल वृद्धि का डर नहीं होगा। दूसरी तरफ यदि महंगाई पांच प्रतिशत से ऊपर बनी रहती है, तो वास्तविक आय (Real Income) पर दबाव पड़ सकता है, इसलिए सैलरीड क्लास को अब केवल बचत नहीं बल्कि स्मार्ट निवेश रणनीति अपनानी होगी। केवल बचत खाते और एफडी पर निर्भर रहने के बजाय इक्विटी, म्यूचुअल फंड और दीर्घकालिक निवेश साधनों पर भी ध्यान देना होगा।
व्यापारियों और उद्योगों के लिए यह नीति राहत लेकर आई है। रेपो दर स्थिर रहने से कार्यशील पूंजी (Working Capital) और व्यावसायिक ऋणों की लागत में तत्काल वृद्धि नहीं होगी, हालांकि आरबीआई द्वारा जीडीपी वृद्धि अनुमान को 6.6 प्रतिशत तक घटाना यह संकेत देता है कि आने वाले समय में मांग की गति थोड़ी धीमी हो सकती है, इसलिए व्यवसायों को लागत नियंत्रण, उत्पादकता बढ़ाने और नई तकनीकों के उपयोग पर अधिक ध्यान देना होगा। विशेष रूप से छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए नकदी प्रवाह प्रबंधन पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो जाएगा।
भारत की अर्थव्यवस्था में एमएसएमई क्षेत्र लगभग 30 प्रतिशत जीडीपी और 45 प्रतिशत निर्यात में योगदान देता है। इस क्षेत्र के लिए अच्छी खबर यह है कि ऋण लागत फिलहाल स्थिर रहेगी, लेकिन चुनौतियां भी कम नहीं हैं। यदि कच्चे तेल, बिजली, परिवहन और कच्चे माल की कीमतें बढ़ती हैं तो उत्पादन लागत में वृद्धि होगी। ऐसे में MSMEs को डिजिटल तकनीक, ऊर्जा दक्षता, ऑटोमेशन और लागत नियंत्रण पर अधिक ध्यान देना होगा। आने वाले वर्षों में प्रतिस्पर्धा केवल कीमत की नहीं बल्कि दक्षता की होगी। शेयर बाजार निवेशकों के लिए यह नीति अपेक्षाकृत सकारात्मक मानी जा सकती है।
ब्याज दरों में वृद्धि नहीं होने से कॉर्पोरेट मुनाफे पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ेगा, हालांकि जीडीपी अनुमान में कटौती और महंगाई अनुमान में वृद्धि यह दर्शाते हैं कि बाजार में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है। दीर्घकालिक निवेशकों के लिए यह समय घबराने का नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण कंपनियों पर ध्यान केंद्रित करने का है। बैंकिंग, रक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल सेवाएं और घरेलू खपत आधारित क्षेत्रों में अवसर बने रह सकते हैं, जो निवेशक केवल अल्पकालिक लाभ के लिए निवेश करते हैं, उन्हें आने वाले महीनों में अधिक अस्थिरता देखने को मिल सकती है।
इस बार की नीति की सबसे महत्वपूर्ण बात रेपो दर नहीं, बल्कि रुपये और विदेशी मुद्रा भंडार को मजबूत करने की रणनीति है। पिछले कुछ महीनों में भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले दबाव में रहा है। भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों का लगभग 85 प्रतिशत कच्चा तेल आयात करता है, इसलिए रुपये की कमजोरी सीधे पेट्रोल, डीजल, गैस, उर्वरक और परिवहन लागत को प्रभावित करती है। इसी कारण आरबीआई और सरकार ने विदेशी पूंजी आकर्षित करने के लिए कई बड़े कदमों की घोषणा की है।
सरकार ने विदेशी निवेशकों के लिए भारतीय सरकारी बॉन्ड को अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण कर राहत प्रदान की है। पहले विदेशी निवेशकों को पूंजीगत लाभ और ब्याज आय पर कर देना पड़ता था। अब सरकारी प्रतिभूतियों में निवेश पर कई कर बाधाओं को हटाया गया है, जिससे विदेशी निवेशकों को भारत में निवेश पर बेहतर शुद्ध रिटर्न मिलेगा। इसका सीधा प्रभाव यह होगा कि अधिक विदेशी पूंजी भारत की ओर आकर्षित हो सकती है।
दुबई, अमेरिका, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया, यूके और अन्य देशों में रहने वाले भारतीयों के लिए आरबीआई ने महत्वपूर्ण राहत दी है। FCNR (B) जमा योजनाओं पर हेजिंग लागत का भार कम किया गया है तथा निवेश नियमों को सरल बनाया गया है। इससे NRI समुदाय के लिए भारत में डॉलर जमा करना और निवेश करना अधिक आकर्षक हो जाएगा। (ये लेखक के निजी विचार हैं)
