Gonda News: रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप... हाईवे पर शव रखकर किया प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

कोतवाली क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण निवासी 22 वर्षीय राहुल कश्यप का शव मंगलवार सुबह पिपरी पेट्रोल पंप के निकट गोंडा-लखनऊ रेलवे ट्रैक के पास मिलने से सनसनी फैल गई। पैसों के लेन-देन के विवाद में मौसी के लड़के पर हत्या का आरोप। पुलिस की कार्यशैली पर परिजनों ने उठाए सवाल

करनैलगंज, गोंडा, अमृत विचार : कोतवाली क्षेत्र के सकरौरा ग्रामीण निवासी 22 वर्षीय राहुल कश्यप का शव मंगलवार सुबह पिपरी पेट्रोल पंप के निकट गोंडा-लखनऊ रेलवे ट्रैक के पास मिलने से सनसनी फैल गई। परिजनों ने पैसों के लेन-देन के पुराने विवाद में हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंके जाने का आरोप लगाया है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने गोंडा-जरवल मार्ग पर पिपरी ब्रह्मचारी स्थान के पास शव रखकर चक्का जाम कर दिया। करीब 45 मिनट तक चले प्रदर्शन से हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

MUSKAN DIXIT (28)

परिजनों के अनुसार राहुल का अपने रिश्ते में मौसी के लड़के पंकज निवासी डुडही असरना से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि सोमवार रात पंकज ने फोन कर राहुल को बुलाया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह उसका क्षत-विक्षत शव रेलवे ट्रैक के पास मिला। परिजनों का आरोप है कि राहुल की हत्या कर शव को रेल दुर्घटना का रूप देने के लिए ट्रैक किनारे रखा गया।

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि राहुल के लापता होने और विवाद की जानकारी देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यदि समय रहते कार्रवाई होती तो राहुल की जान बच सकती थी।

MUSKAN DIXIT (29)

शाम करीब 5:15 बजे शुरू हुए प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय, एसएसआई बृजराज प्रसाद समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद शाम करीब छह बजे जाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल कराया गया। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत हत्या के कारण हुई या किसी अन्य परिस्थिति में। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार