बरेली में हवाला नेटवर्क का बड़ा भंडाफोड़: फर्जी कंपनी बनाकर दिल्ली-दुबई तक जुड़ रहे थे तार, 3 लाख कैश के साथ मोईन अली गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बरेली, अमृत विचारः फर्जी कंपनी के जरिए बैनामी धनराशि को हवाला नेटवर्क के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों में खपाने के मामले में बारादरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुकदमा दर्ज होने के बाद बरेली छोड़ने की तैयारी कर रहे आरोपी मोईन अली को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से तीन लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और कंपनी संचालन से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद हुए हैं। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

बारादरी थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित चल रहे हजियापुर निवासी मोईन अली पुत्र महमूद अली की तलाश की जा रही थी। मंगलवार को एसएसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर हजियापुर मोड़ स्थित कोल डिपो के पास से उसे दबोच लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को अपने खिलाफ मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिल चुकी थी और वह शहर छोड़ने की फिराक में था।

पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसके भाई जमीर के जरिए उसकी पहचान जीशान अली से हुई थी। जीशान ने उसके नाम पर फर्जी कंपनी बनाकर बैंक खाते संचालित करने और कमीशन के एवज में आने वाली रकम अलग-अलग लोगों तक पहुंचाने का प्रस्ताव दिया था। इसके बाद मोईन ने पीलीभीत बाईपास रोड स्थित आशुतोष सिटी में केजीएन एंटरप्राइजेज के नाम से कंपनी खोल ली।

पुलिस के अनुसार, कंपनी का इस्तेमाल किसी वास्तविक कारोबार के लिए नहीं किया जा रहा था, बल्कि बैंक खातों में आने वाली रकम को टोकन प्रणाली और हवाला चैनल के जरिए दिल्ली तक पहुंचाया जाता था। शुरुआत में आरोपी दिल्ली जाकर व्हाट्सएप पर प्राप्त टोकन के आधार पर धनराशि पहुंचाता था, लेकिन बाद में इस काम में हवाला कारोबार से जुड़े अन्य लोग भी शामिल हो गए। आरोपी से बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।----

इससे पहले दो लोगों की हो चुकी है गिरफ्तारी

पुलिस ने हवाला मामले में दो दिन पहले माधोबाड़ी निवासी हवाला कारोबारी जगदीश चोटिया और हजियापुर निवासी जमीर अहमद को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपियों के पास से पुलिस को 35 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि वह दिल्ली के रहने वाले धम्माराम और लाल चंद्र को हवाला के जरिए यह पैसा भेजा करते थे। पुलिस अब धम्माराम और लाल चंद्र की तलाश कर रही है। उनके पकड़े जाने के बाद ही पता चलेगा की वह लोग इस रुपयों को कहां भेजा करते थे।

पुलिस के पास सिर्फ एक नाम अली जीशान

दुबई से बरेली के जमीर ब्रदर्स को यह पैसा अली जीशान भेज रहा था। अली जीशान को अभी तक किसी ने देखा नहीं है। सिर्फ फोन पर उससे बात हुई है और फेसबुक के माध्यम से उससे पहचान हुई थी। पुलिस अली जीशान की तलाश के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। लेकिन पुलिस को इतना ही पता चल सका है कि अली जीशान जिस नंबर से फोन करता था वह नंबर दुबई में रजिस्टर है। ऐसे में सिर्फ नंबर से उसकी तलाश कर पाना बड़ा ही मुश्किल है।

बारादरी थाने में दर्ज मामले में वांछित चल रहे हजियापुर निवासी मोईन अली को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से पुलिस को तीन लाख रुपये की नकदी भी मिली है। मामले में छानबीन की जा रही है। जल्द ही टीमें कश्मीर जाकर और जानकारी जुटाएगी।
शिवम आशुतोष, एएसपी


संबंधित समाचार