UP Weather News Today : बरेली-सीतापुर में रात को झमाझम बारिश, यूपी के 45 जिलों में आज आंधी-बारिश का अलर्ट
बरेली, सीतापुर, इटावा और चित्रकूट में बुधवार की रात आंधी-तूफाान का तांडव, पेड़ उखड़े और उड़ गए टीन शेड-होर्डिंग
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय हो रहा है। 11 जून से 13 जून तक इसका असर रहेगा। इस दौरान यूपी के विभिन्न क्षेत्रों में आंधी-बारिश और कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। 11 जून को कई जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
अमृत विचार, लखनऊ : उत्तर प्रदेश का मौसम बदलने वाला है। भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है। गुरुवार को राज्य के कई जिलों में आंधी-बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने 45 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बादलों की गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। भयंकर गर्मी का सामना कर रहे आम लोगों को बड़ी राहत मिल सकती है। मौसम के बदले रुख से तापमान में अधिकतम 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट की संभावना है।
बुधवार को यूपी में मौसम के दो रूप रहे। पश्चिमी यूपी के गाजियाबाद, नोएडा, संभल जैसे क्षेत्रों में बारिश हुई। रात को बरेली और इधर सीतापुर तक झमाझम बारिश हुई। आंधी भी चली। दूसरी तरफ यूपी का बुंदेलखंड इलाका गर्मी से तपता रहा। बांदा जनपद में एक बार फिर गर्मी ने नया रिकॉर्ड बनाया। करीब 45.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बांदा यूपी का सबसे गर्म जिला रहा।
लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, यूपी में 11 जून को नया पश्चिमी विक्षोभ आने वाला है। अगले 13 जून तक इसका असर रहेगा। इस दौरान प्रदेश के कई इलाकों में बूंदाबांदी होने की संभावना है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूरब से पश्चिमी तक अलर्ट
मौसम विभाग ने जिन जनपदों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसमें चित्रकूट, बांदा, देवरिया, फतेहपुर, गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, कुशीनगर, सिद्धार्थ नगर, महाराजगंज, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, कानपुर देहात, कानपुर नगर, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, अलीगढ़, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, हाथरस, फिरोजाबाद, इटावा, बिजनौर, मुरादाबाद, अमरोहा, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, जालौन, औरैया, महोबा, झांसी, हमीरपुर, ललितपुर और आसपास के इलाके शामिल हैं।
बरेली में तूफान से उखड़े पेड़, इटावा में एक मौत
बुधवार की रात बरेली में तूफान के साथ झमाझम बारिश हुई। हवा की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ उखड़ गए। होर्डिंग टूटकर सड़कों पर गिर गए। तूफान के असर को देखते हुए यहां बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। ताकि बड़े नुकसान को टाला जा सके। सीतापुर में काफी हद तक यही हाल रहा। यहां भी आंधी ने तांडव मचाया। चित्रकूट में श्यामा प्रसाद मुखर्जी ऑडिटोरियम की छत उड़ गई। इटावा, फिरोजाबाद तक आंधी ने काफी नुकसान पहुंचाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इटावा में पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत हो गई।
