गोंडा-लखनऊ हाई-वे पर तेज रफ्तार XUV बनी काल: चार की मौत, पांच की हालात गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

भलियनपुरवा के पास दर्दनाक हादसा, पैदल राहगीरों व बाइक सवारों को रौंदती चली गई कार सीएचसी में मचा कोहराम, विधायक समेत जनप्रतिनिधि पहुंचे; पुलिस ने शुरू की जांच

गोंडा, अमृत विचार : गोंडा-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार की रात एक तेज रफ्तार एक्सयूवी कार कहर बनकर टूटी। कोतवाली करनैलगंज क्षेत्र के भलियनपुरवा के पास हुए भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार एक्सयूवी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद लोगों और बाइक सवारों को रौंदती हुई निकल गई। हादसा इतना भयावह था कि कई लोग दूर जा गिरे। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग राहत कार्य में जुट गए और पुलिस को सूचना दी गई।
  
हादसे में सूर्यवंशम पूर्व निवासी गुलशन (25) पुत्र सत्रोहन, भलियनपुरवा निवासी हसन मोहम्मद (40) पुत्र हैदर अली, इम्तियाज अली पुत्र हैदर अली तथा तरहाटा निवासी संजय कुमार तिवारी पुत्र कृष्णपाल तिवारी की मौत हो गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। 

वहीं विनय प्रताप सिंह (22), तबरेज अली (19), परवेज (28), अंशुमान (10) तथा शनि (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की सहायता से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। 

घटना पर क्षेत्रीय विधायक और जिला पंचायत सदस्य सीएचसी पहुंचे 

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्रीय विधायक अजय सिंह, जिला पंचायत सदस्य विवेक सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि सीएचसी पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी और परिजनों की भीड़ लगी रही। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

एक ही पल में उजड़ गए कई घर

भलियनपुरवा के पास हुए इस दर्दनाक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। चार लोगों की मौत की खबर फैलते ही गांवों में मातम पसर गया। ग्रामीणों का कहना है कि राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रभावी नियंत्रण नहीं हो पा रहा है।

ये भी पढ़ें  : 
एटा में भीषण सड़क हादसा: कार सवार इंस्पेक्टर की मौत, मुरादाबाद से ट्रेनिंग कर लौट रहा था पुलिसकर्मी 

संबंधित समाचार