Belgium Tour: जूनियर पुरुष हॉकी टीम बेल्जियम रवाना, नए कोच फ्रेडरिक सोयेज के नेतृत्व में खेलेगी 6 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले
जूनियर एशिया कप की तैयारियों के तहत भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम 7 से 17 जुलाई तक बेल्जियम दौरे पर ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड के खिलाफ कुल छह मैच खेलेगी।
बेंगलुरु। भारतीय जूनियर पुरुष हॉकी टीम शनिवार रात नए मुख्य कोच फ्रेडरिक सोयेज के नेतृत्व में बेल्जियम दौरे के लिए रवाना हो गई। 24 सदस्यीय टीम 7 से 17 जुलाई तक यूरोप में छह अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी, जिन्हें आगामी जूनियर एशिया कप और अन्य प्रमुख प्रतियोगिताओं की तैयारियों के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।
टीम ने केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से बेल्जियम के लिए उड़ान भरी। इस दौरे का उद्देश्य खिलाड़ियों को यूरोपीय टीमों के खिलाफ प्रतिस्पर्धी माहौल में खेलने का अनुभव देना है।
चार मजबूत यूरोपीय टीमों से होगा मुकाबला
भारतीय जूनियर टीम इस दौरे में ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, जर्मनी और नीदरलैंड जैसी मजबूत टीमों का सामना करेगी।
कार्यक्रम के अनुसार भारत:
- ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो मैच
- बेल्जियम के खिलाफ दो मैच
- जर्मनी के खिलाफ एक मैच
- नीदरलैंड के खिलाफ एक मैच खेलेगा।
दो अलग-अलग मैदानों पर होंगे मुकाबले
दौरे के दौरान पांच मुकाबले वेव्रे स्थित बेलफियस हॉकी एरिना में खेले जाएंगे। वहीं, नीदरलैंड के खिलाफ अंतिम मैच एंटवर्प स्थित हॉकी सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में आयोजित होगा।
यह दौरा टीम को यूरोप की शीर्ष जूनियर टीमों के खिलाफ अपनी रणनीति और संयोजन को परखने का महत्वपूर्ण अवसर देगा।
