Morocco vs France: क्वार्टर फाइनल से पहले मोरक्को को बड़ा झटका, स्टार फॉरवर्ड इस्माइल सैबारी बाहर

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

मुख्य कोच मोहम्मद ओउहबी ने पुष्टि की कि हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इस्माइल सैबारी फ्रांस के खिलाफ विश्व कप क्वार्टर फाइनल में नहीं खेलेंगे, हालांकि उनके टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों में वापसी की उम्मीद बरकरार है।

फॉक्सबोरो (मैसाचुसेट्स)। विश्व कप क्वार्टर फाइनल से पहले मोरक्को की फुटबॉल टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के मुख्य कोच मोहम्मद ओउहबी ने पुष्टि की है कि स्टार फॉरवर्ड इस्माइल सैबारी गुरुवार को फ्रांस के खिलाफ होने वाले अहम मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।

क्वार्टर फाइनल की पूर्व संध्या पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओउहबी ने कहा कि सैबारी को छोड़कर टीम के सभी खिलाड़ी चयन के लिए उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा, "सैबारी के लिए यह मुकाबला अभी काफी जल्दी है, इसलिए वह फ्रांस के खिलाफ नहीं खेलेंगे। हालांकि हमें उम्मीद है कि वह टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर नहीं हुए हैं।"

फिट खिलाड़ियों को ही मिलेगा मौका

कोच ओउहबी ने स्पष्ट किया कि टीम में केवल उन्हीं खिलाड़ियों को जगह दी जाएगी जो पूरी तरह फिट होंगे। उन्होंने कहा कि किसी बड़े टूर्नामेंट में लंबा सफर तय करने के लिए पूरी टीम का योगदान जरूरी होता है।

उन्होंने कहा कि शुरुआती एकादश के अलावा बेंच पर मौजूद खिलाड़ी भी मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं और यही टीम की सबसे बड़ी ताकत है। उनके अनुसार, खिलाड़ियों की गहराई (स्क्वाड डेप्थ) से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है।

कनाडा के खिलाफ मैच में लगी थी चोट

इस्माइल सैबारी को शनिवार को ह्यूस्टन में कनाडा के खिलाफ खेले गए मुकाबले में चोट लगी थी। मोरक्को ने यह मैच 3-0 से जीता था, लेकिन मुकाबले के 22वें मिनट में हैमस्ट्रिंग में असुविधा महसूस होने के बाद सैबारी को मैदान से बाहर जाना पड़ा।

इसके बाद उनकी चोट का आकलन करने के लिए लगातार मेडिकल जांच और परीक्षण किए गए।

MRI रिपोर्ट से मिली राहत

टीम के बोस्टन पहुंचने के बाद सोमवार को कराए गए एमआरआई स्कैन में यह सामने आया कि सैबारी की हैमस्ट्रिंग चोट गंभीर नहीं है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, वह पूरे टूर्नामेंट से बाहर नहीं हुए हैं और आगामी मुकाबलों में उनकी वापसी की संभावना बनी हुई है।

अब सभी की नजरें फ्रांस के खिलाफ होने वाले क्वार्टर फाइनल पर होंगी, जहां मोरक्को अपनी स्टार फॉरवर्ड के बिना मैदान में उतरेगा।

यह भी पढ़ेंः ICC T20 रैंकिंग में ईशान किशन का जलवा बरकरार, जैकब बैथल की टॉप-10 में एंट्री; सूर्यकुमार यादव को बड़ा झटका

संबंधित समाचार