Kanpur Fire News : कानपुर नगर निगम के लेखा विभाग में लगी आग, मचा हड़कंप, भागे कर्मचारी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

शॉक सर्किट से आग लगने पर भागे कर्मचारी, नहीं काम आए अग्निशमन यंत्र

कानपुर नगर निगम के दूसरे तल पर आग लगने से हड़कंप मच गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुटी है। एहतियात के तौर पर भवन को खाली कराया जा रहा है।

कानपुर, अमृत विचार। मोतीझील स्थित नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार शाम को उस समय हड़कंप मच गया, जब दूसरी मंजिल में स्थित लेखा विभाग (राजस्व विभाग) में अचानक से आग लग गई। आग लगते ही विभाग से कर्मचारी मौके से भागे और नीचे परिसर में पहुंचकर खुद को सुरक्षित किया। इसी बीच कर्मचारी ने फायर सिलिंडर की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतना विकराल थी कि फायर सिलिंडर काम नहीं आ सका। मौके पर पहुंची चार दमकल गाड़ियों ने करीब एक घंटे मशक्कत कर आग पर काबू पाया। 

नगर निगम मुख्यालय में गुरुवार शाम को चार बजे के बाद कर्मचारी और अधिकारी कार्यालय से जाने की र्तैयारी कर रहे थे। तभी करीब साढ़े चार बजे मुख्यालय के दूसरी मंजिल में स्थित लेखा विभाग में अचानक से आग लग गई और पूरे विभाग में धुंआ ही धुंआ भर गया। विभाग में मौजूद कर्मचारी व अधिकारी यह देखकर काफी घबरा गए और खांसते हुए बाहर की ओर भागे।

4

तभी कुछ कर्मचारियों ने हिम्मत कर कार्यालय में लगे फायर सिलिंडर से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की लपटों पर उन सिलिंडरों का कोई खास असर नहीं हो सका और आग विकराल हो गई, धीरे-धीरे आग की चपेट में विभाग में रखे कई दस्तावेज व उपकरण आ गए, जिससे आग तेजी से भड़कने लगी। यह देख पूरे नगर निगम में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते पूरा मुख्यालय खाली हो गया।

तभी सूचना पर फायर बिग्रेड की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे तक मशक्कत कर टीम ने आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड टीम के मुताबिक शॉर्ट सर्किट से आग लगी है, जिसपर समय रहते काबू पा लिया गया है। किसी भी प्रकार कोई जनहानि नहीं हुई है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय के मुताबिक प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की जानकारी हुई है, लेकिन मामले की जांच कराई जाएगी। 

भगवान का शुक्र है, कोई हताहत नहीं हुआ : महापौर

नगर निगम मुख्यालय में आग लगने पर उसके वीडियो बनाकर कुछ लोगों ने सोशल मीडिया में वायरल कर दिए, जिसके बाद यह वायरल वीडियो आग की तरह शहर में फैल गए। नगर निगम मुख्यालय में आग लगने की जानकारी कई पार्षद और कर्मचारी नेता मौके पर पहुंचे। कुछ लोगों ने बचाव कार्य का भी प्रयास किया, जबकि कुछ लोगों में आग लगने की वजह जानने की उत्सुकता दिखीं। इस बीच महापौर प्रमिला पांडेय भी मौके पर पहुंची, जिसको कुछ पार्षदों ने मामले की जानकारी दी। महापौर ने कहा कि भगवान का शुक्र है कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। लेकिन आग लगने की घटना की जांच कराई जाएगी, जिसके निर्देश अधिकारियों को जारी कर दिए गए है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, आग लगने पर नुकसान का भी आंकलन किया जाएगा।

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज