Bareilly News : कैंट बोर्ड में नौकरी के नाम पर ठगी का आरोपी पूर्व पार्षद गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने एडमिन हरमन को भेजा जेल, बेटा अभी भी फरार
बरेली, अमृत विचार। कैंटोनमेंट बोर्ड में नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख रुपये की ठगी और फर्जी नियुक्ति पत्र देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपी पूर्व पार्षद एडमिन हरमन को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ छह महीने पहले कोतवाली में धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइंस निवासी डार्विन डेविड ने जनवरी 2026 में इसकी शिकायत एसएसपी से की थी। आरोप के अनुसार, चौबे वाली गली निवासी पूर्व पार्षद एडमिन हरमन ने पीड़ित और उसके भाई को कैंट बोर्ड में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और सितंबर 2024 में अलग-अलग किस्तों में 6.50 लाख रुपये हड़प लिए। इसमें से 50 हजार रुपये हरमन के बेटे आशीष हरमन के खाते में भेजे गए थे। रुपये लेने के बाद आरोपी ने जाली हस्ताक्षर और नकली मुहर लगा नियुक्ति पत्र सौंप दिया, जिसे कैंट बोर्ड के अधिकारियों ने जांच में फर्जी करार दिया। रुपये वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा। एसएसपी के निर्देश पर 12 जनवरी 2026 को मुकदमा दर्ज हुआ। जांच में मामला सही पाए जाने पर स्टेशन रोड चौकी इंचार्ज वैभव गुप्ता ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका बेटा आशीष अभी फरार है। पुलिस के अनुसार पूर्व पार्षद का पुराना आपराधिक इतिहास भी है।
