रुद्रपुर: गैंगस्टर ने मांगी एक करोड़ की फिरौती, दुकान में की फायरिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले गैंगस्टर ने अब रुद्रपुर में भी एक व्यापारी को धमकी देते हुए मंगलवार देर शाम व्यापारी की दुकान में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। व्यापारी के अनुसार फायरिंग के कुछ देर बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फोन आया और उसने …

रुद्रपुर। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को जान से मारने की धमकी देने वाले गैंगस्टर ने अब रुद्रपुर में भी एक व्यापारी को धमकी देते हुए मंगलवार देर शाम व्यापारी की दुकान में ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत फैलाई। व्यापारी के अनुसार फायरिंग के कुछ देर बाद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से फोन आया और उसने एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी है। इस घटना के बाद व्यापारियों में दहशत का मौहाल है। पुलिस कप्तान दलीप सिंह कुंवर ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।

रुद्रपुर गल्ला मंडी स्थित व्यापारी निर्मन विर्क की गुरुनानक टायर्स के नाम से दुकान है। जहां मंगलवार देर सांय तीन बदमाशों ने सामने से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दुकान में उस वक्त निर्मन के मामा बैठे हुए थे। हालांकि फायरिंग से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फायरिंग से क्षेत्र में दहशत फैल गई। व्यापारी निर्मन विर्क के अनुसार फायरिंग के कुछ देर बाद उनके नंबर पर एक व्हाट्सएप फोन आया और फोन पर लारेंस बिश्नोई नाम के युवक द्वारा एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई।

घटना की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई है। एसपी सिटी देवेंद्र पिंचा का कहना है कि फायरिंग की सूचना प्राप्त हुई है। पुलिस जांच कर रही है। सीसीटीवी के जरिए आरोपियों को चिन्हित किया जाएगा। मौके पर एसएसपी समेत, एसपी सिटी, सीओ अमित कुमार समेत पूरा पुलिस अमला पहुंच गया था। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने शहर में नाकेबंदी कर फायरिंग करने वालों की तलाश शुरू कर दी है।

बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई पूरे उत्तर भारत में अपना आतंक फैला चुका है, जो पंजाब, हरियाणा, और राजस्थान की पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है। अब देवभूमि में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की दस्तक उत्तराखण्ड पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन सकती है। बताया जाता है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई जेल में है और जेल से ही अपनी गैंग को संचालित कर रहा है।

इसी साल जनवरी में लॉरेंस बिश्नोई नें यह घोषणा की थी कि वह बॉलीवुड के सितारे सलमान खान की हत्या करने की फिराक में है। उसने कहा था, सलमान खान जोधपुर में मारा जाएगा। तब उसे हमारे बारे में पता चलेगा। इसके बाद राजस्थान की पुलिस सकते में आई और लॉरेंस गैंग के सदस्यों को गिरफ्तार करना शुरू किया। अप्रैल के महीने में पुलिस नें लॉरेंस की गैंग के सदस्य जावेद जिन्झा को गिरफ्तार किया था।

संबंधित समाचार