अल्मोड़ा: रानीखेत में मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत, एक घायल
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के रानीखेत में निजी भवन निर्माण के लिए पहाड़ी के कटान के दौरान मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक मजदूर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। रानीखेत में बूबूधाम मंदिर के …
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिले के रानीखेत में निजी भवन निर्माण के लिए पहाड़ी के कटान के दौरान मलबे में दबने से दो मजदूरों की मौत हो गई। जबकि एक मजदूर घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।
रानीखेत में बूबूधाम मंदिर के पास भवन निर्माण का कार्य चल रहा है। बीते मंगलवार देर शाम कुछ मजदूर पहाड़ी के कटान कार्य में लगे थे। इसी दौरान अचानक पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा मजदूरों के उपर गिर पड़ा जिसमें तीन मजदूर प्रेम चौधरी (38) पुत्र सुदामा चौधरी), वीरान चौधरी (27) निवासी कुजलई थाना नवतन जिला बेतिया बिहार तथा संतोष पुत्र लुटवाना (20) निवासी ग्राम मदारपुर, थाना चौखापाड़ी, जिला बेतिया, बिहार मलबे में दब गए।
साथी मजदूरों ने किसी तरह तीनों को मलबे से बाहर निकाला। लेकिन तब तक प्रेम चौधरी और वीरान चौधरी की मौत हो चुकी थी। वहीं घायल संतोष को गोविंद सिंह माहरा राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। वहां उसकी हालत ठीक बताई जा रही है।
इधर सूचना के बाद कोतवाली पुलिस तथा राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। बताया जा रहा है कि उक्त भवन का निर्माण रानीखेत के किसी व्यक्ति द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य करा रहा ठेकेदार सूखाताल नैनीताल का रहने वाला है। निर्माण स्थल पर लगभग 20 श्रमिक कार्य कर रहे थे। सभी बिहार के रहने वाले हैं। दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके साथी श्रमिकों से सुपुर्द कर बिहार उनके पैतृक गांव भेज दिए गए हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से मामले में कोई तहरीर नहीं सौंपी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत अपूर्वा पांडे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
