UP T20 League Season 4: CM योगी करेंगे यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन का आगाज, शंकर महादेवन-जैस्मीन सैंडलास की लाइव परफॉर्मेंस

Amrit Vichar Network
On

इकाना स्टेडियम में 14 अगस्त को होगा भव्य उद्घाटन, ड्रोन और लेजर शो भी बढ़ाएंगे रोमांच

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का उद्घाटन 14 अगस्त को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि होंगे। समारोह में शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलास लाइव प्रस्तुति देंगी, जबकि ड्रोन और लेजर शो भी खास आकर्षण होंगे। उद्घाटन के बाद काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा।

लखनऊ, अमृत विचार। यूपी टी-20 लीग के चौथे सत्र का आगाज इस बार भव्य अंदाज में होने जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 अगस्त को लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को लीग के गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर का निमंत्रण स्वीकार कर लिया।

छह टीमों के कप्तानों ने CM योगी को दिया न्योता

लीग शुरू होने से एक दिन पहले डॉ. संजय कपूर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस दौरान यूपी टी-20 लीग की सभी छह टीमों के कप्तान भी मौजूद रहे। कप्तानों ने मुख्यमंत्री को उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें अपना पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

शंकर महादेवन और जैस्मीन सैंडलास लगाएंगी सुरों का तड़का

यूपी टी-20 लीग सीजन-4 के उद्घाटन समारोह को यादगार बनाने के लिए खास तैयारियां की गई हैं। समारोह में मशहूर गायक शंकर महादेवन और गायिका जैस्मीन सैंडलास लाइव प्रस्तुति देंगी। इसके अलावा दर्शकों के लिए ड्रोन शो और लेजर लाइट शो भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

उद्घाटन के बाद काशी रुद्रास और मेरठ मावेरिक्स में टक्कर

उद्घाटन समारोह के बाद यूपी टी-20 लीग सीजन-4 का पहला मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में गत चैंपियन काशी रुद्रास का सामना मेरठ मावेरिक्स से होगा। लीग के नए सीजन को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है।

राजीव शुक्ला होंगे विशिष्ट अतिथि

समारोह में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इस अवसर पर यूपी टी-20 लीग गवर्निंग काउंसिल के सदस्य संजीव कुमार सिंह भी उपस्थित रहेंगे।

संबंधित समाचार