बरेली: 2020 में बदल गई शिक्षा प्रणाली, ऑनलाइन का आया दौर
अमृत विचार, बरेली। वर्ष 2020 में आई वैश्विक महामारी ने आम लोगों की जीवन शैली तक को बदलकर रख दिया। इससे शिक्षा नीति भी अछूती नहीं रही। इस साल पढ़ने और पढ़ाने का तरीका भी बदल गया। ऑनलाइन का यह तरीका महज एक ही साल में छात्र-छात्राओं के जीवन की जरूरत बनकर सामने आई है। …
अमृत विचार, बरेली। वर्ष 2020 में आई वैश्विक महामारी ने आम लोगों की जीवन शैली तक को बदलकर रख दिया। इससे शिक्षा नीति भी अछूती नहीं रही। इस साल पढ़ने और पढ़ाने का तरीका भी बदल गया। ऑनलाइन का यह तरीका महज एक ही साल में छात्र-छात्राओं के जीवन की जरूरत बनकर सामने आई है। प्राथमिक से लेकर उच्च शिक्षा तक इस बदलाव को देखा गया है। हालांकि, यह बदलाव के पीछे का कारण वैश्विक महामारी कोरोना रही।
1 से 1.50 लाख विद्यार्थियों की जीवनदायिनी बनी ऑनलाइन शिक्षा
कोरोना काल में बेसिक शिक्षा विभाग में पढ़ने और पढ़ाने का तौर-तरीका पूरी तरह से बदल गया। कोरोना प्रोटोकॉल की वजह से अभी तक इनको खोलने की अनुमति नहीं दी गई है। शासन स्तर से अभी इनको खोले जाने पर विचार किया जा रहा है। जिले में परिषदीय स्कूलों में लगभग 3.50 विद्यार्थी हैं जिसमें करीब 40 फीसदी बच्चे यानि 1 से 1.50 लाख विद्यार्थी ऑनलाइन शिक्षा का लाभ उठा रहे हैं।
कायाकल्प से बदली स्कूलों की सूरत
परिषदीय स्कूलों की दीवारों पर हमेशा चूने और सफेद कलई से पुताई की जाती थी। आज वही स्कूल टाइल्स से चमक रहे हैं। कायाकल्प ऑपरेशन के तहत यह सब संभव हो सका।
कोरोना काल में बच्चों की हो सकी पढ़ाई
प्राथमिक विद्यालय डभौरा गंगापुर की प्रधानाध्यापक दीपमाला पांडे बताती हैं कि कोरोना काल में विद्यालय बंद होने की वजह से शिक्षा एक तरह से बंद पड़ गई थी। ऐसे समय में ऑनलाइन की वजह से विद्यार्थी पढ़ाई कर सके। घर पर रहकर ही पढ़ाई हो सके इससे अच्छा दूसरा विकल्प और क्या हो सकता है। शुरूआत में इसमें कुछ दिक्कतों का सामना भी करना पड़ा लेकिन बाद में उन्हें भी दूर कर लिया गया।
शिक्षकों की नियुक्ति से स्कूलों की दशा और दिशा बदलने की उम्मीद
बेसिक शिक्षा विभाग में इस बार 800 से 900 शिक्षकों की नियुक्ति भी हुई। इनमें से अधिकांश लोगों ने अपना पदभार भी संभाल लिया है, वहीं कुछ पदों पर अभी विवाद की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में जिले को मिले परिषदीय शिक्षकों से बेसिक शिक्षा की दिशा और दशा बदलने की भी उम्मीद है।
