रक्षाबंधन पर महिलाओं की बल्ले-बल्ले! 27 अगस्त से सहयात्री समेत फ्री बस यात्रा, मंत्री मनोज पांडेय ने किया शुभारंभ
27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक सभी बसों में सहयात्री सहित निशुल्क यात्रा
रक्षाबंधन पर यूपी सरकार ने महिलाओं को फ्री बस यात्रा का तोहफा दिया है। 27 अगस्त सुबह छह बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा मिलेगी। वहीं 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए आजीवन मुफ्त बस यात्रा की ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ शुरू की गई है।
सुलतानपुर, अमृत विचार : रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेश सरकार ने माताओं, बहनों और बेटियों को निशुल्क बस यात्रा का तोहफा दिया है। परिवहन विभाग की ओर से आयोजित ‘रक्षाबंधन का त्योहार-मातृशक्ति को उपहार’ कार्यक्रम का बुधवार को शहर स्थित पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस दौरान प्रदेश सरकार की ’लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का भी शुभारंभ हुआ। योजना के तहत उत्तर प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की सभी माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित सभी बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा ’’27 अगस्त की सुबह छह बजे से 29 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक’’ उपलब्ध रहेगी। यात्रा का लाभ लेने के लिए महिलाओं को आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखानी होगी।
मातृशक्तियों को साड़ी और मिठाई भेंट
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा लखनऊ से योजना के शुभारंभ और विशेष बसों के फ्लैग ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। इसके बाद मंत्री मनोज पांडेय ने सभागार में मौजूद मातृशक्तियों को साड़ी और मिठाई भेंट की। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से महिलाएं बिना आर्थिक बाधा के अपने भाइयों और परिजनों के साथ रक्षाबंधन का त्योहार उत्साह और सम्मान के साथ मना सकेंगी।
सपा के पीडीए पर भी साधा निशाना
कार्यक्रम के बाद कलेक्ट्रेट में मीडिया से बातचीत में कैबिनेट मंत्री ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा रोजाना पीडीए के मायने बदल रही है। एक लेखक का जिक्र करते हुए उन्होंने तंज किया कि पीडीए का अर्थ लिखते-लिखते डायरी भर गई, लेकिन अभी तक इसका पूरा अर्थ स्पष्ट नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि सपा को पहले अपना स्टैंड स्पष्ट करना चाहिए।
मंत्री ने सवाल उठाया कि एक माह पहले पार्टी के आधिकारिक बयान में ब्राह्मणों को लेकर क्या कहा गया था और अब उसका रुख क्या है। वर्ष 2027 में सरकार बनाने के सपा के दावे पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सपने देखने का अधिकार सभी को है। साथ ही तंज किया कि यदि विपक्ष ने सत्ता में रहते गरीब, कमजोर, युवाओं और किसानों के हित में काम किया होता तो उसे सत्ता से बाहर नहीं होना पड़ता।
जमाखोरी के खिलाफ 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई
महंगाई और चीनी-प्याज जैसी आवश्यक वस्तुओं की कीमतों पर मंत्री ने कहा कि सरकार बाजार की स्थिति और कीमतों पर लगातार नजर रख रही है। कृत्रिम किल्लत और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि ऐसे मामलों में 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की जा चुकी है। मंत्री ने बुजुर्ग माता-पिता को बेसहारा छोड़ने की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए कड़े कानूनी प्रावधान किए हैं। कार्यक्रम में एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय, जनता दल सेकुलर के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह, जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह आदि रहे।
सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व से प्रेरणा लेने का आह्वान
सुलतानपुर क्राफ्ट समिति की ओर से बुधवार को भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती समारोहपूर्वक मनाई गई। शहर स्थित पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय रहे। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय और विधान परिषद सदस्य शैलेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया।
वक्ताओं ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने में सरदार पटेल की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रहेगी। कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह और मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। अंतरराष्ट्रीय भजन एवं लोक गायक दीनबंधु सिंह ने अपनी प्रस्तुति से कार्यक्रम में समां बांधा।
इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता मनोज कुमार सिंह, शशांक शेखर सिंह, रुद्र प्रताप सिंह मदन भैया, कूरेभार ब्लॉक प्रमुख नवनीत सिंह सोनू, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयसिंहपुर उमेश सिंह, गन्ना विकास समिति के अध्यक्ष शिवपाल सिंह गांधी, जनता दल सेकुलर के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह और सभासद रेनू सिंह समेत समाज के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रीति प्रकाश ने किया।
यह भी पढ़ें :- 50,000 छात्राओं को अक्टूबर-नवंबर में मिलेगी स्कूटी : रक्षाबंधन पर बेटियों को योगी सरकार का बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
