अयोध्या: घरौनी को लेकर चल रहे ड्रोन सर्वे का डीएम ने किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या, अमृत विचार। गांव जवार के भूमि विवाद संबंधी छोटे-छोटे विवादों को सुलझाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कृषि बाग भूमि की खतौनी के तर्ज पर मकान की भूमि का स्वामित्व तय करने के लिए घरौनी योजना चला रही है। ‘प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना’ के अंतर्गत तहसील बीकापुर क्षेत्र में चल रहे ड्रोन सर्वे …

अयोध्या, अमृत विचार। गांव जवार के भूमि विवाद संबंधी छोटे-छोटे विवादों को सुलझाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से कृषि बाग भूमि की खतौनी के तर्ज पर मकान की भूमि का स्वामित्व तय करने के लिए घरौनी योजना चला रही है। ‘प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना’ के अंतर्गत तहसील बीकापुर क्षेत्र में चल रहे ड्रोन सर्वे कार्य का गुरुवार को जिलाधिकारी ने निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने अंग्रेजी माध्यम प्राइमरी स्कूल में राजस्व विभाग की ओर से चलाए जा रहे खतौनी एवं मतदाता सूची सत्यापन के अभियान को भी देखा।

जनपद के बीकापुर तहसील क्षेत्र में प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को उनके मकानों और आवासीय भूमि का अभिलेख तैयार कर मालिकाना हक देने के उद्देश्य से आधुनिक तकनीक (ड्रोन) के माध्यम से मकानों और आवासीय भूमि के सर्वे कार्य किया जा रहा है। जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने तहसील क्षेत्र के गांव रहेठ में सर्वेक्षण टीम की ओर से ‘स्वामित्व योजना’ के तहत ड्रोन कैमरे से किये जा रहे सर्वेक्षण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया।

जिला सूचना विभाग की ओर से बताया गया कि जिलाधिकारी को सर्वेक्षण टीम की ओर से बताया गया कि सर्वेक्षण कार्य ग्राम एवं ग्राम के अन्दर घरों को जाने वाले रास्तों पर चूना डालकर ड्रोन कैमरे के माध्यम से किया जाता है। मौजूद लेखपाल ने बताया कि सर्वप्रथम घरों को जाने वाले रास्तों को चूना डालकर मार्क कर दिया जाता है, इसके बाद ड्रोन को उड़ा कर पूरे क्षेत्र की फोटो ले ली जाती है। हालांकि कुछ ग्रामीणों की ओर से अपने सहन से चलने वाले रास्ते को सरकारी अभिलेखों में अंकित न होने तथा निजी भूमि बताकर मार्क करने से मना किया जाता है। ऐसी स्थिति में प्रत्येक घर को जोड़ने हेतु रास्ता नहीं उपलब्ध हो पायेगा और भविष्य में ऐसे घरों तक पहुंचने हेतु रास्ते की समस्या उत्पन्न होगी।

भविष्य में इस स्थिति से बचने के दृष्टिगत उप जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम के अन्दर प्रत्येक घर को जाने हेतु रास्ते की उपलब्धता होनी चाहिए इस हेतु मकानों के सहन के आबादी की भूमि से होकर चलने वाले रास्ते को चूना डालकर मार्क कर दिया जाए ताकि ड्रोन कैमरे से सर्वेक्षण में रास्ते की स्थिति स्पष्ट हो जाए। टीम ने बताया कि इस तहसील में अब तक ग्राम दशरथपुर व जैनपुर में सर्वेक्षण का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।

संबंधित समाचार