वर्ड स्मिथ : ऐसे हुई एडवोकेट शब्द की उत्पत्ति
कई सदियों पहले रोम की अदालतों में एक व्यक्ति किसी मुकदमे में फंसे अपने परिचित के साथ खड़ा था। वह खुद न्यायाधीश नहीं था, न ही मामले का पक्षकार। उसका काम था अपने परिचित की ओर से अदालत में उसकी बात रखना और उसका समर्थन करना। लैटिन भाषा में ऐसे व्यक्ति के लिए ‘Advocatus’ शब्द इस्तेमाल हुआ, जिसका अर्थ था—किसी की सहायता के लिए बुलाया गया व्यक्ति।
समय के साथ यही शब्द अलग-अलग भाषाओं से गुजरता हुआ अंग्रेजी में ‘Advocate’ बन गया। इसका संबंध लैटिन के advocare से माना जाता है, जिसका भावार्थ है ‘किसी को अपने पक्ष मंन बुलाना’ या ‘मदद के लिए साथ खड़ा होना।’ आज अदालत में किसी व्यक्ति की ओर से कानूनी दलील रखने वाले पेशेवर को ‘Advocate’ कहा जाता है। यानी इस शब्द के भीतर आज भी वही पुराना भाव छिपा है- किसी के अधिकार और पक्ष के लिए उसके साथ खड़े होना।
