रोकने पहुंची पुलिस-राजस्व टीम, फिर भी नहीं रुका निर्माण! नवीन परती की जमीन पर कब्जे के आरोप में दो पर मुकदमा

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

सुलतानपुर के फतेहपुर संगत गांव का मामला, लेखपाल की तहरीर पर गोसाईगंज पुलिस ने लोक संपत्ति निवारण अधिनियम के तहत दर्ज की प्राथमिकी

सुलतानपुर, अमृत विचार। जयसिंहपुर तहसील के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के फतेहपुर संगत गांव में राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के नाम दर्ज जमीन पर कथित अवैध निर्माण का मामला सामने आया है। आरोप है कि निर्माण रुकवाने के लिए पुलिस और राजस्व टीम कई बार मौके पर पहुंची, लेकिन इसके बावजूद संबंधित लोगों ने निर्माण कार्य जारी रखा।

तहसील जयसिंहपुर में तैनात लेखपाल शिव कुमार ने गोसाईगंज थाने में तहरीर देकर बताया कि ग्राम फतेहपुर संगत में गाटा संख्या 1543/मी0, रकबा 0.4680 हेक्टेयर भूमि राजस्व अभिलेखों में नवीन परती के रूप में दर्ज है।

लेखपाल के मुताबिक, इसी जमीन पर भवानीफेर पुत्र रामशंकर और कमलेश पुत्र बृजलाल, दोनों निवासी फतेहपुर संगत, द्वारा कथित तौर पर अवैध निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण की जानकारी मिलने के बाद पुलिस बल और राजस्व टीम ने कई बार मौके पर पहुंचकर काम रुकवाने का प्रयास किया।

आरोप है कि कार्रवाई के बावजूद दोनों जमीन पर कब्जा करने की कोशिश से बाज नहीं आए और निर्माण कार्य जारी रखने का प्रयास करते रहे। इसके बाद लेखपाल शिव कुमार ने दोनों के खिलाफ लोक संपत्ति निवारण अधिनियम की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करने के लिए पुलिस को तहरीर दी।

गोसाईगंज थानाध्यक्ष अखण्डदेव मिश्रा ने बताया कि लेखपाल की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

यह भी पढ़ेंः 81 शिक्षकों को मिला सम्मान, सीएम योगी ने बढ़ाया हौसला; पुरस्कार के साथ मिलेंगी ये खास सुविधाएं

संबंधित समाचार