हाथ में चोट, शरीर में दर्द... फिर भी पेनकिलर खाकर उतरे रिंकू सिंह; मेरठ मावेरिक्स को फाइनल में पहुंचाया

Amrit Vichar Network
Edited By Muskan Dixit
On

नोएडा किंग्स को छह विकेट से हराया, लगातार चौथी बार यूपी टी20 लीग के ग्रैंड फिनाले में पहुंची मेरठ की टीम

लखनऊ। बड़े खिलाड़ी बड़े मुकाबलों में अपनी काबिलियत दिखाते हैं, लेकिन रिंकू सिंह ने दर्द के बावजूद मैदान पर उतरकर जज्बे की ऐसी मिसाल पेश की, जिसने सभी का ध्यान खींचा। हाथ की गंभीर चोट और तेज दर्द के बावजूद मेरठ मावेरिक्स के कप्तान ने पेनकिलर लेकर मैच खेला और अपनी टीम को नोएडा किंग्स पर छह विकेट की शानदार जीत दिलाते हुए लगातार चौथी बार यूपी टी20 लीग के ग्रैंड फिनाले में पहुंचा दिया।

मैच के बाद रिंकू ने अपने फैसले के बारे में कहा, "टीम के लिए मैं कुछ भी करने को तैयार हूँ, चाहे चोट हो या कुछ और। कल मुझे लगा था कि अगर मैं थोड़ा और स्वस्थ होता और कोई बल्लेबाज मेरे साथ टिकता, तो हम वह मैच (क्वालिफायर-1) जीत सकते थे। आज भी स्थिति वैसी ही थी। मैंने पेनकिलर ली और खेला। हाथ थोड़ा बेहतर था, लेकिन सच कहूँ तो अभी भी काफी दर्द हो रहा है।"

61 रन पर चार विकेट, फिर रिंकू-यश ने संभाला मोर्चा

मेरठ मावेरिक्स के सामने जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य था, लेकिन टीम की शुरुआत एक बार फिर लड़खड़ा गई। महज 61 रन के स्कोर तक मेरठ अपने चार शीर्ष बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुका था।

ऐसे मुश्किल समय में कप्तान रिंकू सिंह ने नाबाद 37 रन (23 गेंद) और ऑलराउंडर यश गर्ग ने नाबाद 56 रन (44 गेंद) की पारी खेलकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। दोनों ने पारी को संभालने के साथ ही मैच मेरठ की झोली में डाल दिया।

इससे पहले यश गर्ग ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अपने चार ओवर में सिर्फ 14 रन देकर तीन विकेट हासिल किए। उनके हरफनमौला प्रदर्शन के लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।

रिंकू ने यश की तारीफ करते हुए कहा, "यश पिछले चार सालों से हमारी टीम के लिए शानदार काम कर रहे हैं। वह महत्वपूर्ण विकेट लेते हैं, बेहतरीन फील्डिंग करते हैं और बल्ले से भी योगदान देते हैं। आज उन्होंने फिर से हमें मैच जिताया है।"

19वें ओवर में खुद गेंदबाजी करने उतरे रिंकू

135 रन का बचाव कर रही नोएडा किंग्स ने शुरुआती 10 ओवर तक अच्छी बल्लेबाजी की थी। लेकिन 10वें ओवर के बाद जीशान अंसारी द्वारा शौर्य को आउट किए जाने के बाद मेरठ ने मुकाबले में वापसी कर ली।

इसके बाद पारी के 19वें ओवर में रिंकू सिंह ने खुद गेंदबाजी करने का साहसिक फैसला लिया। उन्होंने नोएडा किंग्स के कप्तान प्रशांत वीर को आउट कर अपनी टीम की स्थिति और मजबूत कर दी।

रिंकू ने इस फैसले को लेकर कहा, "मैं सोच रहा था कि मुझे प्रशांत को गेंदबाजी करनी चाहिए। मैंने पहले ही ज़ीशान से कहा था कि मैं उसे आउट कर सकता हूँ। मुझे पूरा विश्वास था कि यह ओवर मेरे और टीम के लिए बहुत अच्छा साबित होगा।"

अब फाइनल में लखनऊ फाल्कन्स से भिड़ेगी मेरठ

नोएडा किंग्स को हराकर मेरठ मावेरिक्स ने लगातार चौथी बार यूपी टी20 लीग के फाइनल में जगह बनाई है। अब टीम 6 सितंबर, रविवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होने वाले ग्रैंड फिनाले में लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ उतरेगी।

मेरठ मावेरिक्स के सामने इस मुकाबले में अपनी पुरानी हार का बदला लेने का भी मौका होगा।

यह भी पढ़ेंः Hockey Junior Men's Asia Cup: इंडोनेशिया के खिलाफ भारत का गोल शो, 14-0 से जीतकर किया खिताबी अभियान का आगाज

संबंधित समाचार