उत्तराखंड में Hanuman Ansh हुई टैक्स फ्री, सीएम धामी ने घोषणा कर बताया पारिवारिक फिल्म

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ‘हनुमान अंश’ फिल्म को राज्य में टैक्स फ्री करने की घोषणा की। उन्होंने इसे आध्यात्मिक और पारिवारिक फिल्म बताते हुए सभी से देखने की अपील की।

देहरादून । उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जिले में स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम आश्रम के बाबा नीब करौरी महाराज के आध्यात्मिक जीवन पर आधारित फिल्म 'हनुमान अंश' को उत्तराखंड में कर-मुक्त करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने फिल्म को कर-मुक्त करने की घोषणा करते हुए कहा कि ऐसी फिल्में प्रदेश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। 

इससे पहले, मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम यहां एक सिनेमा हॉल में अपनी पत्नी गीता धामी, मंत्रिमंडल के सहयोगियों गणेश जोशी और प्रदीप बत्रा तथा कुछ विधायकों के साथ यह फिल्म देखी। 'हनुमान अंश' का निर्देशन विशाल चतुर्वेदी ने किया है। फिल्म में शोभिनव सतैया सहित अन्य कलाकारों ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। फिल्म सात अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज की गई। 

बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन पर आधारित है फिल्म 

फिल्म की पूरी कहानी बाबा नीम करौली के जीवन पर आधारित है । फिल्म देखने के बाद धामी ने बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन को समाज को सदैव सत्य, सेवा, करुणा और आध्यात्मिकता का मार्ग दिखाने वाली भारत की संत परंपरा का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि कैंची धाम आज दुनियाभर में श्रद्धा और आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। 

फिल्म को बताया आध्यत्मिक और पारिवारिक फिल्म 

मुख्यमंत्री ने फिल्म निर्माण से जुड़े सभी लोगों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी आध्यात्मिक विभूतियों के जीवन और उनके संदेश को जन-जन तक पहुंचाने वाले रचनात्मक प्रयास भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों को नयी पीढ़ी से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।  मानव सेवा और सभी के प्रति प्रेम का उनका संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है। 

ये भी पढ़ें : 
नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आये सोनू सूद, फ्लैश फ्लड प्रभावित इलाके में बाटीं राहत-सामग्री 

संबंधित समाचार