Kanpur News : कानपुर में दो युवकों की मौत के बाद हंगामा, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
कल्याणपुर में ट्रक की चपेट में आने से हुई थी दोनों युवकों की मौत
कानपुर में ट्रक की चपेट में आने से दो युवकों की मौत के बाद परिजनों ने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस के कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर रवाना हो गए।
कानपुर, अमृत विचार। कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में ट्रक की चपेट में आने से जान गंवाने वाले दो युवकों के परिजनों ने शनिवार दोपहर रावतपुर के मसवानपुर आदर्श नगर में सड़क पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। अचानक सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन किए जाने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान यातायात भी प्रभावित रहा।
हंगामे की सूचना मिलते ही रावतपुर और कल्याणपुर थाने का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस अधिकारियों ने मृतकों के परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर अड़े रहे। काफी देर तक चले हंगामे के बाद कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने परिजनों को उनकी मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
पुलिस के आश्वासन के बाद शांत हुए परिजन
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और सड़क से दोनों शवों को हटा लिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए दोनों युवकों के शव लेकर रवाना हो गए। मृतक सूरज का अंतिम संस्कार नजीराबाद में किया गया, जबकि सचिन का अंतिम संस्कार भैरव घाट पर हुआ। सड़क पर शव रखकर किए गए प्रदर्शन के चलते कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। पुलिस ने परिजनों को समझाकर स्थिति को शांत कराया।
