मुरादाबाद: नववर्ष तुम्हारा अभिनंदन है…

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद। अनगिनत हसरतें, खिलखिलाते चेहरे, नई जिंदगी की रफ्तार। हां, कुछ ऐसा अवसर लेकर हो नए साल का आगमन। उम्मीद के आंगन में इस मौके की चाहत है। जिंदगी हर दौर में अपने को आगे देखना चाहती है। इसीलिए संकल्प लिए गए हैं। शहरियों की जिंगदी को रफ्तार देने वाले सोनकपुर रेलवे पुल की ओर …

मुरादाबाद। अनगिनत हसरतें, खिलखिलाते चेहरे, नई जिंदगी की रफ्तार। हां, कुछ ऐसा अवसर लेकर हो नए साल का आगमन। उम्मीद के आंगन में इस मौके की चाहत है। जिंदगी हर दौर में अपने को आगे देखना चाहती है। इसीलिए संकल्प लिए गए हैं। शहरियों की जिंगदी को रफ्तार देने वाले सोनकपुर रेलवे पुल की ओर सभी की निगाहें हैं। गोविंद नगर क्षेत्र के लोगों को इस बात का भरोसा है कि अब बेरहम रेल पटरी किसी राहगीर की जिदंगी का दुश्मन नहीं बनेगी। सरकारी विश्वविद्यालय बनेगा। लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलेगी।

कारीगरी और दस्तकारी के इस क्षेत्र को नई उड़ान मिलेगी। शहर स्मार्ट बने और प्रदूषण का संकट दूर हो। सूरज की पहली किरण हर मन में खुशी और जीवन में उजास लेकर आए। घड़ी की सूईयां 12 पर आने के साथ नववर्ष तुम्हारा अभिनंदन का घोष हो गया। उधर, समूह में नई चुनौतियों से जूझने के सामर्यथ्य की कामना की गयी। साल 2020 के साधन (मास्क,पीपीई और सेनेटाइजर) उबरने की उम्मीद की गयी। सभी बोले, कोरोना तेरा नाश हो।

हरिद्वार-लक्सर दोहरीकरण होगा, सोनकपुर पुल मिलेगा
मुरादाबाद। हरिद्वार-लक्सर के बीच लंबे समय से दोहरीकरण का इंतजार खत्म होगा। फिलहाल एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन यात्रियों की सहूलियत को देखते हुए किया जा रहा है, पर सब कुछ ठीक रहा तो पैसेंजर ट्रेन भी 2021 में पटरी पर सरपट दौड़ती नजर आएंगी। मुंबई के लिए भी मुरादाबाद से यात्री ट्रेन पकड़ सकेंगे। मुंबई के लिए ट्रेन संचालन की उम्मीदों को भी पंख लगेंगे। रोडवेज को भी नए साल से तमाम उम्मीदें हैं, क्योंकि हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ के लिए रोडवेज को नई बसें मिलने की उम्मीद है।

कुंभ से रेलवे को बड़े मुनाफे की उम्मीद
वर्ष 2021 में 14 जनवरी से धर्मनगरी हरिद्वार में महाकुंभ का शुभारंभ होने जा रहा है। जिसके चलते रेलवे की ओर से पूरी तैयारी की गई है। स्पेशल ट्रेनों के संचालन के साथ ही कुंभ के लिए नियमित ट्रेनों के संचालन का प्लान तैयार किया गया है। स्टेशनों पर अतिरिक्त टिकट काउंटर, विश्रामालय, ओवरब्रिज, सुरक्षा के लिए मेटल डिटेक्टर डोर सहित अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। यदि कोरोना काल के कारण यात्रियों के प्रवेश पर रोक नहीं लगाई गई तो रेलवे को कुंभ से बड़े मुनाफे की उम्मीद है।

गोविंदनगर में पुल की मिलेगी सौगात
गोविंद नगर का फुटओवर ब्रिज आठ करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। जिसकी सौगात लोगों को नए साल में मिलने की उम्मीद है। क्योंकि रेलवे की ओर से निर्माण कार्य तेजी से किया जा रहा है। यदि विद्युत निगम की ओर से ट्रांसफार्मर व विद्युत पोल जल्द ही हटा दिए गए तो 15 जनवरी से पहले ही इस पुल का निर्माण कर रेलवे महानगरवासियों को तोहफा देगा।

सोनकपुर पुल पर दौड़ेंगे वाहन
रेलवे की लेटलतीफी से सोनकपुर रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) चार साल बाद भी पूरा नहीं हो पाया है। लेकिन, नए साल में इस पुल के निर्माण की उम्मीद जताई जा रही है। सेतु निगम अपना काम लगभग पूरा कर चुका है, अब रेलवे को हरिद्वार व दिल्ली रेल लाइन पर शेष काम को पूरा करना है। इन दोनों रेलवे लाइन पर करीब 250 मीटर हिस्सा रेलवे को रेलवे तैयार करेगा। पुल बनने से कांठ रोड व दिल्ली रोड को एक दूसरे से सीधे कनेक्टिविटी मिल जाएगी। रेलवे ने निर्माण कार्य 31 मार्च 2021 तक पूरा करने का दावा किया है।

रोडवेज को भी मिल सकती हैं नई बसें
लंबे समय से परिवहन निगम को नई बसों का तौहफा नहीं मिल सका है। लेकिन, हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ के चलते परिवहन निगम को 10 नई बसें मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही बस में कैशलेश टिकट के लिए नई ईटीएम मशीनों की मांग भी पूरी होगी।

ग्राम सभा की भूमि पर बनेगा इको फ्रेंडली पार्क
कांठ रोड स्थित चट्टा पुल से ठाकुरद्वारा वाली सड़क पर ग्राम सभा की 100 बीघा जमीन है। मनरेगा के तहत इसे इको फ्रेंडली पार्क बनवाने की योजना तैयार की गई है। पार्क के निर्माण में वन विभाग, जिला उद्यान व ग्राम पंचायत द्वारा काम कराया जायेगा। जल्द ही जिलाधिकारी की ओर से इसका प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। प्रस्ताव मंजूर होने के बाद काम शुरू कर दिया जाएगा। शहर को इको फ्रेंडली पार्क की सौगात मिलेगी।

पंचायत भवन और सामुदायिक शौचालय बनेंगे
ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन व सामुदायिक शौचालय का निर्माण मनरेगा के तहत चल रहा है। बीते साल जनपद की 322 ग्राम पंचायतों में पंचायत भवन बन चुके है। जबकि 544 ग्राम पंचायतों में सामुदायिक शौचालय बन गए हैं। जिला पंचायती राज अधिकारी राजेश कुमार सिंह का कहना है कि नये साल में सभी पंचायतों भवन और सामुदायिक शौचालय बनकर तैयार हो जायेंगे।

नशे की इलाज को अस्पताल बनेगा
केंद्र सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान चलाया गया। केंद्र सरकार की पहल पर मुरादाबाद के जिला अस्पताल में 10 बेड का अस्पताल खुलेगा। जिसमें डाक्टर सहित अन्य स्टाफ भी मौजूद रहेगा। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 2021 में 10 बेड का अस्पताल शुरू कर दिया जाएगा। सीएमओ ने जिला अस्पताल में जगह भी मुहैया करा दी है। जिला अस्पताल के नोडल अफसर द्वारा बैंक अकाउंट खुलवाते ही फंड ट्रांसफर करा दिया जायेगा। जिला अस्पताल में बनने वाने 10 बेड वाले अस्पताल से नशे के मरीजों को दिल्ली तक दौड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी। नशे के निजात दिलाने के लिए यह अस्पताल नये साल में शुरू करा दिया जायेगा।

महिला संप्रेक्षण गृह की सौगात
मंडल का महिला संप्रेक्षण गृह और वन स्टाप सेंटर बनेगा। जिसमें संप्रेक्षण गृह की आखिरी किश्त और वन स्टॉप सेंटर की अंतिम किश्त न मिल पाने से काम अटका हुआ है। इस बारे में जानकारी देते हुए जिला प्रोबेशन अधिकारी राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि नये साल में दोनों प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे। जिससे नारी निकेतन में रह रही महिलाओं को काफी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि वन स्टॉप सेंटर तैयार होने के बाद भी पीड़ितों को राहत मिलेगी।

विशेष चिकित्सा सुविधा की कवायद होगी पूरी
मंडल को सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल की सौगात मिलेगी। उम्मीदों का यह वर्ष सेहतमंद बनाएगा। इस साल हाई हेल्थ फैसिलिटी वाला अस्पताल खोलने की कवायद पूरी होगी। ट्रामा सेंटर, स्टाफ, तमाम ऐसी असुविधाएं, जिसके कारण बीमार साल में हर कोई सेहत के प्रति चिंतित हो उठा था। ये चिंता इस साल खत्म हो सकेगी। जो योजनाएं पिछले साल कोरोना के खौफ से छिपी रही, उन्हें इस साल आजादी मिल सकेगी।

जिला अस्पताल में बढ़ेंगे सेहत के रखवाले
जिला अस्पताल में चिकित्सकों सहित पैरामेडिकल स्टाफ के रिक्त पदों को भरने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्टाफ संकट से निजात मिल सकेगी। अस्पताल में सर्जन, ईएनटी, नेत्र सर्जन, फिजीशियन, पैथोलॉजिस्ट, रेडियोलॉजिस्ट के तीन तीन पद होने चाहिए, जबकि मात्र एक एक चिकित्सक ही हैं। फार्मासिस्ट के 13 पद के मुकाबले मात्र 10 ही हैं। वहीं नर्स के 140 के स्थान पर 130 हैं।

चालू हो सकेगी बर्न यूनिट
जिला अस्पताल में बर्न यूनिट तो तैयार है। यहां प्लास्टिक सर्जन की जरूरत है। बाकी स्टाफ भी नहीं है। उम्मीद है कि इस साल स्टाफ की कमी पूरी करने के बाद इस यूनिट चालू किया जा सकेगा। ट्रामा सेंटर की सुविधा भी मिल सकती है। जिला अस्पताल में स्टाफ संकट से जूझ रहे इस ट्रामा सेंटर को चालू नहीं किया जा सका है। सीएमएस डा. कल्पना सिंह ने शासन से स्टाफ की मांग की है। यहां छह सर्जन चाहिए। इसके अलावा फार्मासिस्ट और नर्स भी। इस साल प्रस्ताव के पास होने की उम्मीद है। एमआरआई सेंटर की सौगात मिल सकती है। चिकित्सक और टेक्नीशियन की कमी के कारण इस सौगात को प्राप्त करने के बाद भी इसका लाभ नहीं किया जा सका है। इस साल इसके शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।

इंसास और एके-47 के साथ नजर आएंगे पुलिसकर्मी
मुरादाबाद। वर्ष 2021 में जिले की पुलिस हाईटेक नजर आएगी। पुलिसकर्मियों के कंधे से थ्री नाट थ्री रायफल का बोझ हटने की उम्मीद है। 48 सालों बाद पुलिसकर्मियों के कंधों पर थ्री नाट थ्री रायफल की बजाए इंसास और एके-47 जैसे हाईटेक असलहे नजर आएंगे। यह कवायद काफी समय पहले शुरू कर दी गई थी लेकिन शासन से पर्याप्त असलहे न मिल पाने के कारण पुलिस हाईटेक नहीं हो सकेगी। वर्ष 2021 में इंसास और एके-47 जैसे आधुनिक असलहों की खेप यहां पहुंचने की उम्मीद है, यही वजह है कि पुलिसवालों की पहचान बन चुकी थ्री नाट थ्री रायफल को पुलिस लाइन में जमा करने की कवायद तेजी से चल रही है।

वर्ष 2008 में शुरू हुई थी आधुनिक असलहे मुहैया कराने की कवायद
31 दिसंबर वर्ष 2007/08 की रात रामपुर स्थित सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में सात जवानों समेत आठ लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी थी। हमलावर आतंकियों की सिविल लाइंस पुलिस से मुठभेड़ भी हुई थी, जिसमे सिपाही और होमगार्ड घायल हो गए थे। इस हमले के तुरंत बाद तत्कालीन सीएम मायावती ने रामपुर का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के कंधों से थ्री नाट थ्री रायफल का बोझ हटाकर इंसास व एके-47 जैसे आधुनिक असलहे मुहैया कराए जाएंगे। अफसरों की मानें तो अभी तक करीब 1200 थ्री नाट थ्री रायफल जमा करा ली गई है और 472 आधुनिक असलहों की खेप आ चुकी है। मतलब साफ है कि नए साल में पुलिस कर्मी असलहों के मामले में हाईटेक नजर आएंगे।

 

संबंधित समाचार