बरेली: नये साल के जश्न में पीकर गिरते रहे नशे में धुत पुलिसकर्मी
अमृत विचार, बरेली। नए साल के मौके पर पुलिस भले ही लोगों को सड़कों पर शराब पीने से रोकती रही लेकिन कुछ पुलिसकर्मी पूरे महकमे की फजीहत करा बैठे। नशे में धुत ये पुलिसकर्मी कहीं शराब के नशे में डोलते नजर आए तो कहीं बेसुध होकर सड़क किनारे ही गिर पड़े। इतना ही नहीं शराब …
अमृत विचार, बरेली। नए साल के मौके पर पुलिस भले ही लोगों को सड़कों पर शराब पीने से रोकती रही लेकिन कुछ पुलिसकर्मी पूरे महकमे की फजीहत करा बैठे। नशे में धुत ये पुलिसकर्मी कहीं शराब के नशे में डोलते नजर आए तो कहीं बेसुध होकर सड़क किनारे ही गिर पड़े।
इतना ही नहीं शराब ठेकों के बाहर पुलिस की गाड़ियां भी खूब नजर आईं। हालांकि, इन गाड़ियों में तैनात पुलिसकर्मी सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि शराब खरीदने के लिए यहां आए थे। बुधवार की रात एसएसपी रोहित सिंह सजवाण के निर्देश पर जिले में सड़कों और ठेलों पर शराब पीने वाले लोगों के खिलाफ अभियान चलाया गया।
पुलिस ने 1200 से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर शपथ दिलवाई की वे सड़क पर शराब नहीं पीयेंगे। अगर उन्हें शराब पीनी होगी तो खरीदकर घर ले जाएंगे और घर में बैठकर ही पीयेंगे। इसका असर यह हुआ कि 31 दिसंबर की रात लोग सड़क किनारे शराब पीते न के बराबर ही दिखे।
वहीं, 31 दिसंबर की रात 10 बजे के लगभग शराब पीकर पुलिस की टोपी लगाए युवक नशे में सड़क किनारे धुत पड़ा नजर आया। वहीं, 1 जनवरी की दोपहर सुभाष नगर के पटेल विहार के पास शराब भट्टी पर शराब पीते-पीते वर्दीधारी पुलिसकर्मी बेसुध हो गया। यह देखकर वहां स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद कुछ लोग उसे बाइक पर बैठाकर सुभाष नगर थाने ले गए और पुलिस को सौंप दिया।
