कांग्रेस के वरिष्ठ नेता बूटा सिंह का निधन, कोविंद, मोदी ने जताया शोक

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 86 साल के थे। पिछले साल मष्तिकाघात के बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था और वह गत वर्ष अक्टूबर महीने से कोमा में थे। उनके परिवार ने बताया कि बूटा …

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री बूटा सिंह का शनिवार सुबह निधन हो गया। वह 86 साल के थे। पिछले साल मष्तिकाघात के बाद उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया था और वह गत वर्ष अक्टूबर महीने से कोमा में थे। उनके परिवार ने बताया कि बूटा सिंह का शनिवार सुबह करीब 5.30 बजे एम्स में निधन हो गया।

राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और राजनीतिक दलों के नेताओं ने बूटा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

कोविंद ने अपने शोक संदेश में कहा, “बूटा सिंह के निधन से देश ने समृद्ध प्रशासकीय अनुभव तथा लंबे संसदीय जीवन वाली शख्सियत को खो दिया है। उन्होंने दबे-कुचले और वंचितों का हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व किया। उनके परिजनों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदना।”

बिरला ने ट्वीट कर कहा, “पूर्व सांसद बूटा सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वह समाज के वंचित और शोषित वर्ग की सशक्त आवाज थे। देश के लिए उनका योगदान भुलाया नहीं जा सकेगा। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।”

पीएम मोदी ने ट्वीट किया, “सरदार बूटा सिंह जी एक अनुभवी प्रशासक होने के साथ ही गरीबों और कमजोरों के कल्याण की एक प्रभावी आवाज थे। उनके निधन से बहुत दुख हुआ। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति मेरी संवेदना।”

राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘सरदार बूटा सिंह जी के देहांत से देश ने एक सच्चा जनसेवक और निष्ठावान नेता खो दिया है। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की सेवा और जनता की भलाई के लिए समर्पित कर दिया, जिसके लिए उन्हें सदैव याद रखा जाएगा। इस मुश्किल समय में उनके परिवारजनों को मेरी संवेदनाएं।’’

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने शोक संदेश में कहा, “पूर्व केंद्रीय मंत्री, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व सांसद बूटा सिंह जी के निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ। इस कठिन समय में उनके परिवार के सदस्यों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। ईश्वर उन्हें यह नुकसान सहने की शक्ति दे। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट किया, “वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं देश के पूर्व गृह मंत्री बूटा सिंह जी का निधन कांग्रेस परिवार के साथ देश की एक राजनीतिक क्षति है। उन्हें मेरी विनम्र श्रद्धांजलि’ ईश्वर शोकाकुल परिवार को हिम्मत दे।”

बूटा सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में केंद्र गृह मंत्री समेत कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। इसके साथ ही वह बिहार के राज्यपाल और राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष भी रहे।

संबंधित समाचार