हल्द्वानी: कैसे बनेगा घर, जब मिला नहीं बजट
अमृत विचार, हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां गरीबों को घर देने की घोषणा कर रहे हैं, वहीं अटल आवास योजना के तहत इस बार भी बेघरों का घर बनाने का सपना अधूरा ही लग रहा है। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और अब तक कोई बजट जारी नहीं किया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष …
अमृत विचार, हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जहां गरीबों को घर देने की घोषणा कर रहे हैं, वहीं अटल आवास योजना के तहत इस बार भी बेघरों का घर बनाने का सपना अधूरा ही लग रहा है। वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है और अब तक कोई बजट जारी नहीं किया गया है। वहीं, वित्तीय वर्ष 2019-20 में भी इस योजना का बजट जारी नहीं हुआ था।
समाज कल्याण की ओर से करीब पिछले दो साल से अभी तक बेघरों को अटल आवास योजना के तहत कोई लाभ नहीं मिल पाया है। वित्तीय वर्ष 2019-20 के बाद से लेकर अब तक जरूरतमंद लाभार्थी बजट आने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, इस बार तो विभाग कोरोना महामारी का बहाना बनाकर अपना पल्ला झाड़ने की कोशिश कर रहा है।
विभाग का कहना है कि लॉकडाउन के कारण योजना के लिए बजट जारी करने को लेकर देरी हो गई है। इसके लिए जल्द बजट जारी कर आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। अटल आवास योजना के लिए वर्ष 2020-21 के बजट को लेकर एससी-एसटी कई वर्ग के लोग आवेदन की जानकारी लेने विभाग पहुंच रहे हैं।
बता दें कि योजना के तहत विभाग आवेदनों के सत्यापन के बाद लाभार्थियों को पहली किश्त जारी करता है। जिसके बाद लाभार्थियों को निर्माण किए आवास की फोटो व सत्यापन पत्र विभाग को भेजने होते हैं। इसके बाद दूसरी व अंतिम किश्त जारी की जाती है। योजना के तहत 20 वर्ग फीट में एक कमरा और एक शौचालय बनाने के लिए राशि दी जाती है।
लॉकडाउन और कोविड महामारी के कारण वर्ष के लिए बजट नहीं मिल पाया है। इसी वित्तीय वर्ष के लिए बजट जल्द जारी हो सकता है। योजना के लिए पात्र अभ्यर्थी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।
– अमन अनिरुद्ध, जिला समाज कल्याण अधिकारी
यह है योजना
समाज कल्याण विभाग की ओर से आवासहीन एससी-एसटी वर्ग के लोगों को घर मुहैया कराने के लिए अटल आवास योजना चलाई जा रही है। इसमें ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 38,500 व शहरी क्षेत्रों के लिए 35000 की धनराशि दी जाती है। यह योजना साल 2009 से संचालित की जा रही है।
