बरेली: धर्मांतरण और छेड़छाड़ का केस होगा एक्सपंज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छात्रा का रास्ता रोककर छेड़छाड़ और धर्मांतरण का दबाव बनाने का मामला पुलिस एक्सपंज करेगी। पुलिस की जांच में आरोपी की लोकेशन वारदात स्थल पर नहीं मिली है। इसके अलावा जांच में आया है कि आरोपी युवक छात्रा का प्रेमी है जो उसकी शादी के बाद उसके ससुराल …

अमृत विचार, बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत छात्रा का रास्ता रोककर छेड़छाड़ और धर्मांतरण का दबाव बनाने का मामला पुलिस एक्सपंज करेगी। पुलिस की जांच में आरोपी की लोकेशन वारदात स्थल पर नहीं मिली है। इसके अलावा जांच में आया है कि आरोपी युवक छात्रा का प्रेमी है जो उसकी शादी के बाद उसके ससुराल में मिलने पहुंच गया। इसकी चर्चा ससुराल में होने से बदनामी हुई तो मामा ने रिपोर्ट दर्ज करा दी।

बता दें कि छात्रा के मामा ने 31 दिसंबर 2020 को फरीदपुर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि छात्रा बरेली के एक कालेज में पढ़ाई कर रही है। वह अपनी स्कूटी से आती-जाती है। फरीदपुर के मोहल्ला लाइन पार नई बस्ती निवासी आए दिन छात्रा का रास्ता रोककर जबरन अपने प्यार का इजहार करता था। धर्म परिवर्तन कर शादी करने के लिए दबाव बनाता था।

छात्रा के मना करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देता था। बीते 1 दिसंबर को वह अपनी स्कूटी से कॉलेज जा रही थी। रास्ते में निजी पेट्रोल पंप के निकट आरोपी अबरार खान ने उसे रोक लिया और जबरन खींचने लगा। छात्रा के चीखने-चिल्लाने पर नगवा गांव के निवासी दिनेश यादव व नगर के मोहल्ला परा निवासी जगपाल सिंह के वहां पहुंचने पर आरोपी उसे छोड़कर भाग गया।

छात्रा के घर पहुंचने पर मैसूर पुत्र इतवारी, इसरार पुत्र इतवारी निवासी लाइनपार नई बस्ती नखास, एके दास बाबा थाना फरीदपुर जिला बरेली ने छात्रा पर इतना दबाव बनाया कि वह दिमागी रूप से अपना संतुलन खो बैठी और खाना-पीना भी दुश्वार हो गया। इन लोगों की वजह से छात्रा आत्महत्या करने के भी सोचने लगी। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए अहमद खान पुत्र बाबू खान, मैसूर पुत्र इतवारी इसरार पुत्र इतवारी के नामजद रिपोर्ट दर्ज कर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया।

पुलिस ने जब गहनता से जांच की तो पता चला कि छात्रा का युवक से प्रेम प्रसंग है। वह बिना किसी को बताए युवक के साथ 9 सितंबर को दिल्ली चली गई थी। वहां दोनों करीब 15 दिन तुगलकाबाद इलाके में रहे थे। छात्रा के परिजनों ने पुलिस ने शिकायत की तो छात्रा वापस अपने घर आ गई। इसके बाद परिजनों ने उसकी 11 दिसंबर 2020 को आंवला में शादी कर दी। शादी के कुछ दिनों बाद युवक उससे मिलने उसके ससुराल पहुंच गया।

यहां छात्रा ने अपने ससुराल वालों को तहेरा भाई बताया लेकिन उसका राज खुल गया। इसकी वजह से बदनामी हो गई। छात्रा के मामा को जब यह बात पता चली तो उन्होंने शादी से पहले 1 दिसंबर को छेड़छाड़ और धर्मांतरण के दबाव का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच में मुख्य आरोपी की लोकेशन बरेली में मिली। वह पेशे से ड्राइवर है। अन्य आरोपियों की लोकेशन भी मौके पर नहीं मिली। अन्य जांच में भी आरोप गलत पाए गए। इसी वजह से पुलिस केस को एक्सपंज कर रही है।

छेड़छाड़ और धर्मांतरण के मामले की जांच में तथ्य झूठे पाए गए हैं। आरोपी की लोकेशन भी नहीं मिली है। केस को एक्सपंज किया जाएगा। – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार