ऑटो वाले ने संयुक्त निदेशक को बीच सड़क पर पीटा
हल्द्वानी,अमृत विचार। दबंग ऑटो चालक ने शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक को बीच सड़क पर पीट दिया। संयुक्त निदेशक के साथ उनके मित्र शिक्षक से भी मारपीट की। मारपीट के बाद ऑटो चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग गया। घायल संयुक्त निदेशक और शिक्षक ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ऑटो को …
हल्द्वानी,अमृत विचार। दबंग ऑटो चालक ने शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक को बीच सड़क पर पीट दिया। संयुक्त निदेशक के साथ उनके मित्र शिक्षक से भी मारपीट की। मारपीट के बाद ऑटो चालक मौके पर ही वाहन छोड़कर भाग गया। घायल संयुक्त निदेशक और शिक्षक ने कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने ऑटो को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
लखनऊ के शीशमहल निवासी वीएन सिंह उत्तराखंड शिक्षा विभाग में बतौर संयुक्त निदेशक देहरादून में कार्यरत हैं। वह यहां अवकाश पर तिकोनिया निवासी अपने मित्र सहायक अध्यापक एके श्रीवास्तव से मिलने आए थे। श्रीवास्तव जीआईसी कठघरिया में कार्यरत हैं। मंगलवार को संयुक्त निदेशक कार संख्या यूके 07 डीसी 1009 से अपने घर लखनऊ के लिए रवाना हुए। शिक्षक श्रीवास्तव उन्हें विदाई देने रोडवेज स्टेशन तक आए थे। स्टेशन रोड पर पहुंचते ही पीछे से ऑटो संख्या यूके 04 टीए 9248 ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मार दी।
इस पर संयुक्त निदेशक और शिक्षक ने कार से नीचे उतर कर विरोध जताया तो ऑटो चालक आगबबूला हो गया। उसने संयुक्त निदेशक और शिक्षक को बीच सड़क पर ही पीट दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीचबचाव किया। इस बीच घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। बात बढ़ती देखकर ऑटो चालक वाहन बीच सड़क पर ही छोड़कर भाग खड़ा हुआ।
इसके बाद पीड़ित संयुक्त निदेशक शिक्षक समेत कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने मारपीट के आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो को अपने कब्जे में ले लिया। एसएसआइ मंगल सिंह ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है।
