बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी, देखा तो उड़े होश
काशीपुर,अमृत विचार। गांव के नाले किनारे तेंदुए का शावक मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा गया । ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने शावक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है । मादा तेंदुए की आवक होने के चलते शावक को उसी स्थान पर …
काशीपुर,अमृत विचार। गांव के नाले किनारे तेंदुए का शावक मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मचा गया । ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। वन विभाग की टीम ने शावक को अपनी सुपुर्दगी में ले लिया है । मादा तेंदुए की आवक होने के चलते शावक को उसी स्थान पर छोड़ने की तैयारी चल रही है। तेंदुए का शावक मिलने से गांव में दहशत बनी हुई है।
ग्राम कचनाल गाजी में मंगलवार सुबह जीत सिंह अपने खेत में चारा लेने गए थे। जहां गैबिया नाले के किनारे उन्हें एक जंगली जानवर के बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। उन्होंने पास जाकर देखा तो वह तेंदुए का शावक लगा। वह तुरंत घर लौट आए और अपने पोते राजन सिंह को बताया। जिस पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंच गए।
सूचना मिलने पर काशीपुर वन क्षेत्राधिकारी किशन सिंह शाही और वन बीट अधिकारी सरजीत सिंह मनवर, सुरेश चंद व अन्य भी मौके पर पहुंच गए। वन अधिकारियों ने शावक को ग्रामीणों से अपने सुपुर्दगी में ले लिया। वन क्षेत्रधिकारी ने उच्च अधिकारियों को मामले की सूचना दे दी है। मौके पर पर पतरामपुर वन रेंज से टीम भेजी जा रही है जो निगरानी करेगी।
वहां पर मादा तेंदुआ के आने की संभावना को देखते हुए एहतियात बरतने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से वहां तेंदुए को देखा जा रहा है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की है। समाचार लिखे जाने तक शावक को उसी जगह छोड़ने की तैयारी चल रही है। तेंदुए का शावक मिलने से ग्रामीणों में दहशत बनी हुई है।
वन विभाग के रेंजर किशन शाही ने बताया कि कब्जे में लिए गए तेंदुए के शावक को चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद मादा तेंदुए के मूवमेंट को देखने के लिए उसे उसी स्थान पर छोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहां तेंदुए का शावक मिला है उसी स्थान पर शाम तक कैमरे लगाए जाएंगे। यदि मादा तेंदुआ इसके आसपास भटकती नजर आई तो उसे पकड़ने के लिए आगे की रणनीति तय की जाएगी।
