हल्द्वानी : आठ को शहीद स्मारक में गरजेंगे किसान
अमृत विचार, हल्द्वानी। किसान आंदोलन के समर्थन में अखिल भारतीय किसान महासभा की ओर से आठ जनवरी को शहीद स्मारक पर एकदिवसीय धरना दिया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। मंगलवार को कार रोड बिंदुखत्ता में आयोजित महासभा की बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया। बैठक में किसानों को संबोधित करते …
अमृत विचार, हल्द्वानी। किसान आंदोलन के समर्थन में अखिल भारतीय किसान महासभा की ओर से आठ जनवरी को शहीद स्मारक पर एकदिवसीय धरना दिया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। मंगलवार को कार रोड बिंदुखत्ता में आयोजित महासभा की बैठक में इस बात का निर्णय लिया गया।
बैठक में किसानों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी ने कहा कि किसान आंदोलन जिस मोड़ पर पहुंच गया है, वहां से काले कृषि कानूनों की पूर्ण वापसी तक आंदोलन जारी रहेगा। किसान एकता तोड़ने की सरकार की सारी साजिशें पीछे छूट रही हैं। किसान न सिर्फ सरकार और उसकी किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ लड़ रहे हैं बल्कि अदानी-अंबानी और उनके उत्पादों के खिलाफ भी सीधे संघर्ष में उतर पड़े हैं।
भाकपा (माले) के राज्य सचिव राजा बहुगुणा ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र पर लगातार हमले कर रही मोदी सरकार ने केंद्रीय कृषि कानून पारित कर देश के संघीय ढांचे पर हमला किया है जबकि कृषि राज्यों का विषय है।
किसान महासभा के जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह जंगी ने कहा कि मोदी सरकार कृषि क्षेत्र में कॉरपोरेट के लिए लूट की छूट देने के लिए ये कानून ले कर आई है। बैठक में वरिष्ठ किसान नेता भुवन जोशी, आनंद सिंह सिजवाली, गोविंद जीना, राजेंद्र शाह, बिशन दत्त जोशी, माले जिला सचिव डॉ. कैलाश पांडे, ललित मटियाली, किशन बघरी, नैन सिंह कोरंगा, विमला रौथाण, बसंती बिष्ट, स्वरूप सिंह दानू, धीरज कुमार, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
