अमेठी: उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने की बैठक, अधिकारियों को दिए ये निर्देश
अमेठी। उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति (2019-20) की उप समिति ने मंगलवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं अन्य जनपदीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं उसकी प्रगति को लेकर बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंगलवार को …
अमेठी। उत्तर प्रदेश विधानसभा की प्राक्कलन समिति (2019-20) की उप समिति ने मंगलवार को जिलाधिकारी अरुण कुमार, पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अंकुर लाठर एवं अन्य जनपदीय अधिकारियों के साथ कलेक्ट्रेट सभागार में शासन द्वारा संचालित योजनाओं एवं उसकी प्रगति को लेकर बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। मंगलवार को प्राक्कलन समिति की उप समिति ने विकासखंड जामो अंतर्गत ग्राम पूरे चितई गांव में पहुंचकर गांव का स्थलीय निरीक्षण किया एवं चौपाल लगाकर ग्रामीणों से शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी ली।
इसके पश्चात उप समिति ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनपदीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उप समिति के सभापति ने कहा कि शासन द्वारा संचालित समस्त योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिया जाए। बैठक में राजस्व विभाग, चकबंदी, पुलिस, समाज कल्याण, पंचायती राज, नगर विकास, चिकित्सा, जल निगम, ग्राम्य विकास, विद्युत सहित अन्य विभागों की समीक्षा की।
बैठक में चकबंदी विभाग की समीक्षा के दौरान जिन गांवों में चकबंदी की प्रक्रिया चल रही है उसको समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। समाज कल्याण विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अन्तर्गत कराये विवाह की जानकारी ली एवं पारिवारिक लाभ योजना के अंतर्गत लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। नगर विकास एवं पंचायती राज के अंतर्गत अंत्येष्टि स्थल के निर्माण को लेकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पंचायती राज विभाग द्वारा सामुदायिक शौचालय, पंचायत भवन के कार्य प्रगति की भी जानकारी ली।
चिकित्सा विभाग द्वारा गोल्डन कार्ड की प्रगति की समीक्षा की। ग्राम विकास विभाग में प्रधानमंत्री आवास, मुख्यमंत्री आवास की प्रगति की जानकारी ली एवं आवश्यक निर्देश दिए। विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान छूटे हुए मजरों का विद्युतीकरण तथा रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने उप समिति के सभापति व अन्य सदस्यों को आश्वस्त किया कि समिति द्वारा जो भी निर्देश दिए गए हैं उसका संबंधित अधिकारियों से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। इसके साथ ही शासन द्वारा संचालित समस्त योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों को दिया जाएगा। प्राक्कलन समिति की उप समिति में सभापति ज्ञानेंद्र जी एवं सदस्य विधायक साकेन्द्र प्रताप वर्मा, विधायक बहराइच सुरेश्वर सिंह, विधायक गौरीगंज राकेश प्रताप सिंह रहे। इसके अतिरिक्त बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारीगण मौजूद रहे।
