हल्द्वानी: बूथ हमारा गौरव है, बूथ ही हमारी जीत का आधार बनेगा – यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी,अमृत विचार। बूथ हमारा गौरव है, बूथ के हर कार्यकर्ता का सम्मान करना चाहिए। बूथ से ही ब्लॉक, नगर, जिला और प्रांत मजबूत होता है इसलिए बूथ का सम्मान करना चाहिए। अगर यह मंत्र आत्मसात कर लिया तो सत्ता का संकल्प हासिल करना आसान है। आगामी विधान सभा चुनाव के लिए जीत का गुरु मंत्र …

हल्द्वानी,अमृत विचार। बूथ हमारा गौरव है, बूथ के हर कार्यकर्ता का सम्मान करना चाहिए। बूथ से ही ब्लॉक, नगर, जिला और प्रांत मजबूत होता है इसलिए बूथ का सम्मान करना चाहिए। अगर यह मंत्र आत्मसात कर लिया तो सत्ता का संकल्प हासिल करना आसान है। आगामी विधान सभा चुनाव के लिए जीत का गुरु मंत्र उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिया।

गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव के पहली बार कुमाऊं दौरे पर स्वराज भवन में कुमाऊं मंडल के जिला से ब्लॉक स्तर तक के पदाधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के हर उस कार्यकर्ता जो कांग्रेस की ईंट के ऊपर ईंट लगाने का काम करेगा  उसको सम्मान दिया जाएगा। इसके लिए वे कांग्रेस के शीर्ष नेताओं से लड़ भी सकते हैं। यादव ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि अगर 2022 तक पीएम मोदी, सीएम त्रिवेंद्र और बंशीधर भगत पद पर बने रहे तो कांग्रेस की राह बेहद आसान होगी। उन्होंने कहा कि युद्ध में जाने से पहले शस्त्र के बारे में पता होना चाहिए। भाजपा की केंद्र और उत्तराखंड सरकार ने महिला अपमान, बेरोजगारी, नोटबंदी, युवाओं व किसानों के साथ धोखाधड़ी कर बहुत से शस्त्र दिए हैं बस जरूरत है इन शस्त्रों को चलाने की। अब कांग्रेस कार्यकर्ताओं  को हमलावर होना होगा और  जवाब देना होगा।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व पूर्व सीएम हरीश  रावत ने कहा कि किसी भी नेता को एक खूंटे में नहीं बांधा जा सकता है सबको अलग दिशा में काम करना चाहिए। यदि कोई मीटिंग में नहीं आए तो नाराज होने की जरूरत नहीं है। अगर शीर्ष नेताओं में आपसी मतभेद होता है तो इसका समाधान है, समाधान करने वाले लोग भी मौजूद हैं इसलिए कार्यकर्ताओं को शीर्षनेताओं की कलह को दिल में नहीं रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कार्यकर्ता को प्रांत में स्थान या टिकट नहीं मिल सकता है। ऐसे में गांठ बनना शुरू होती है जो जीत हुई सीटों का भी गणित बिगाड़ देती है इसलिए स्थानीय, जिला स्तर पर इन गांठों का समाधान करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ दो लोगों की पार्टी है जबकि कांग्रेस लोकतांत्रिक संगठन है। अब जरूरत है भाजपा की नाकामी महिला अपमान को जन-जन तक पहुंचाने की क्योंकि उत्तराखंड नारी अपमान नहीं सहन कर सकता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं को मिशन 2022 में जुट जाने का आह्वान किया। नेता प्रतिपक्ष डॉ इंदिरा हृदयेश ने कहा कि कांग्रेस को सत्ता में लाने के लिए संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि बेशक टिकट किसी को मिले हमें उन्हें जिताना होगा। क्योंकि सत्ता होगी तो डीएम एसएसपी आपकी सुनेंगे और दरवाजे पर होंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि हमारे बीच मे कोई मतभेद और मनभेद नहीं है हम सब एकजुट हैं। किसी की जय बोलिये लेकिन कांग्रेस को ऊपर रखिये। काजी निजामुद्दीन ने कहा कि भाजपा सरकार के दो साल आरजू और दो इंतजार में बंट गए और अब अंतिम एक साल चैलेंज में कटेगा। कांग्रेस ने उन्हें साल भर चुनौती देगी। 2022 में सरकार आने पर महिला, किसान और युवा के अपमान का चुन चुन कर बदला लिया जाएगा।

प्रदेशाध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जीरो टॉलरेंस का नारा दिया और प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है। 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया आज किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य के लिए लड़ रहा है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देने वाली भाजपा का प्रदेशाध्यक्ष नेता प्रतिपक्ष के लिए अमर्यादित टिप्पणी करता है। संगठन मंत्री महिला के शोषण में मुकदमा दर्ज होता है। विधायक महिला के बलात्कार में फंसता है इससे भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा सामने आता है।

उन्होंने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार की महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी,  अपराध और महिला अपमान से जनता आहत है बस जरूरत है कि त्रिवेंद्र सरकार की इस नाकामी  को जन-जन तक ले जाने की जरूरत है।  हर कार्यकर्ता को दोगुने मेहनत से काम करना होगा और सत्ता का संकल्प लेना होगा। इस दौरान विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल व करन माहरा, हरीश दुर्गापाल, महेंद्र पाल, मनीष खंडूरी, नारायण पाल, सतीश नैनवाल, राहुल छिमवाल, विजय सारस्वत आदि मौजूद थे।

संबंधित समाचार