मुरादाबाद : सियासी मठों में फंसी सपा महानगर अध्यक्ष की ताजपोशी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष की ताजपोशी सपाइयों की आपसी जंग में अटकी हुई है। सियासी मठों में चुनाव के मद्देनजर अपने-अपने तर्क गढ़े जा रहे हैं। हर ताकतवर अपने पसंदीदा को अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज कराना चाहते हैं। पंचायत चुनाव और इसके बाद विधान सभा निर्वाचन की रणभेरी को लेकर …

मुरादाबाद, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष की ताजपोशी सपाइयों की आपसी जंग में अटकी हुई है। सियासी मठों में चुनाव के मद्देनजर अपने-अपने तर्क गढ़े जा रहे हैं। हर ताकतवर अपने पसंदीदा को अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज कराना चाहते हैं। पंचायत चुनाव और इसके बाद विधान सभा निर्वाचन की रणभेरी को लेकर अन्य दलों ने तैयारी शुरू कर दी है।

लोकसभा चुनाव के बाद प्रदेश भर में सपा की जिला और महानगर इकाइयां भंग कर दी गई। जबकि पांच माह पहले जिलाध्यक्ष का ऐलान तो हो गया लेकिन, महानगर अध्यक्ष की कमान किसके हाथ रहेगी इसका फैसला नहीं हो पाया। सूत्रों का कहना है कि शहर से लेकर देहात तक के निर्वाचित प्रतिनिधियों का अध्यक्ष की ताजपोशी को लेकर अपना तर्क है। विधायक, पूर्व विधायक और सांसद इस प्रकरण पर दांव चल रहे हैं। सवा साल से कमेटी भंग है।

प्रभावशाली अपने ढंग से खास की पैरवी कर रहे हैं। एक पूर्व विधायक को इस बात की फटकार पड़ गई थी की संगठन के पद में में दखल ठीक नहीं है। पूर्व तब विधायक ने चुप्पी साध ली थी। उन्हें इस बात का डर सताने लगा बात खुलने से टिकट की दावेदारी पर आंच आ जाएगी। सियासी जानकारों की बातों पर भरोसा करें तो पार्टी के कई प्रभावशाली अपनी-अपनी बिरादरी के चेहरों को नगर अध्यक्ष की कमान दिलाना चाहते हैं।

कोई पार्टी के परंपरागत मतों का तर्क रख रहा है तो कोई अपने लंबे सांगठनिक अनुभव का हवाला देकर पिछले दरवाजे से अपनी ताकत बरकार रखना चाहता है। इस बीच निवर्तमान अध्यक्ष मुन्ना कुरैशी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात करके कई कयासों को हवा दे दी है। सपा जिलाध्यक्ष जयवीर सिंह यादव इस मुद्दे पर नपा-तुला बयान देते हैं। कहते हैं कि हम अपने अभियान में जुटे हैं। पंचायत चुनाव के लिए काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा हमसे अभी कोई जानकारी नहीं चाही गई है। उम्मीद है कि जल्दी ही महानगर अध्यक्ष का ऐलान हो जाए।

संबंधित समाचार