हल्द्वानी: 2022 के रण का सेनापति घोषित करे पार्टी – रावत
हल्द्वानी ,अमृत विचार। प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ट्विट से सोमवार को राजनीति गरमा गई है। हरीश रावत ने कहा है कि कांग्रेस को 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए सेनापति घोषित कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि जिसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा, सरकार बनने की …
हल्द्वानी ,अमृत विचार। प्रदेश कांग्रेस की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के ट्विट से सोमवार को राजनीति गरमा गई है। हरीश रावत ने कहा है कि कांग्रेस को 2022 के विधानसभा चुनावों के लिए सेनापति घोषित कर देना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा है कि जिसके नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा, सरकार बनने की स्थिति में वही पार्टी का मुख्यमंत्री भी होगा। रावत के बयान का पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने पुरजोर समर्थन करते हुए मामला और गर्मा दिया है। काफी समय से इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हरीश रावत ने प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव को संबोधित ट्विट करते हुए सीधा केंद्रीय नेतृत्व से इस बात की मांग की है।
दरअसल प्रदेश दौरे पर आए कांग्रेस प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा था कि कांग्रेस यहां प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की तिकड़ी के नेतृत्व में चुनाव लड़ेगी। उन्होंने हरीश रावत को चुनाव के लिए महत्वपूर्ण बताया। इसी बात जवाब देते हुए हरीश रावत ने लिखा है, देवेंद्र_यादव जी, आपके बयान ने मेरा मान बढ़ाया। हरीश रावत ही क्यों? प्रत्येक नेता व कार्यकर्ता के बिना 2022 की लड़ाई अधूरी है, पार्टी को बिना लाग-लपेट के 2022 के चुनावी रण का सेनापति घोषित कर देना चाहिए। पार्टी को यह भी स्पष्ट कर देना चाहिये कि कांग्रेस की विजयी की स्थिति में वही व्यक्ति प्रदेश का मुख्यमंत्री भी होगा।
उत्तराखंड, वैचारिक रूप से परिपक्व राज्य है। लोग जानते हैं, राज्य के विकास में मुख्यमंत्री की क्षमता व नीतियों का बहुत बड़ा योगदान रहता है। हम चुनाव में यदि अस्पष्ट स्थिति के साथ जाएंगे तो यह पार्टी के हित में नहीं होगा, इस समय अनावश्यक कयासबाजियों तथा मेरा-तेरा के चक्कर में कार्यकर्ताओं का मनोबल टूट रहा है एवं कार्यकर्ताओं के स्तर पर भी गुटबाजी पहुंच रही है। मुझको लेकर पार्टी को कोई असमंजस नहीं होना चाहिए, पार्टी जिसे भी सेनापति घोषित कर देगी मैं उसके पीछे खड़ा रहूंगा। राज्य में कांग्रेस को विशालतम अनुभव व अति ऊर्जावान लोगों की सेवाएं उपलब्ध हैं, उनमें से एक नाम की घोषणा करिए व हमें आगे ले चलिए।
