अल्मोड़ा: हरीश रावत 2022 के लिए मुख्य चेहरा घोषित होंः कुंजवाल
अल्मोड़ा,अमृत विचार। उत्तराखंड कांग्रेस में 2022 के चुनाव के लिए पहले से सेनापति घोषित करने के पूर्व सीएम हरीश रावत के बयान का समर्थन शुरू हो गया है। पूर्व विधान सभा अध्यक्ष व जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने इसका समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की जनता 2022 में हरीश रावत …
अल्मोड़ा,अमृत विचार। उत्तराखंड कांग्रेस में 2022 के चुनाव के लिए पहले से सेनापति घोषित करने के पूर्व सीएम हरीश रावत के बयान का समर्थन शुरू हो गया है। पूर्व विधान सभा अध्यक्ष व जागेश्वर के विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल ने इसका समर्थन किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की जनता 2022 में हरीश रावत को मुख्य चेहरे के तौर पर देखना चाह रही है।
कुंजवाल ने सोमवार को यहां जारी बयान में कहा है कि हरीश रावत के इस बारे में की गई बातों का वे स्वागत करते हैं। कुंजवाल ने कहा है कि वर्तमान में जब वह गांव गांव भ्रमण कर रहे हैं तो उनसे यह सवाल किया जाता है कि 2022 के चुनाव में आप की पार्टी यानि कांग्रेस का चेहरा कौन है। ऐसे सवालों का जवाब देने में हम जैसे लोग असहज महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा है कि इस बीच प्रदेश प्रभारी ने प्रदेश के तीन नेताओं को अलग अलग उपाधि देकर आगामी चुनाव के फतह करने की बात कही है लेकिन कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता उनसे यह आग्रह करता है कि 2022 के लिए पार्टी के चेहरे की घोषणा करना सुनिश्चित करें। ताकि आम कांग्रेस जनों में जो शंका फैली हुई है उसका समाधान हो सके।
कांग्रेस का कार्यकर्ता जी-जान लगा कर कांग्रेस के सत्ता में ला सके। कुंजवाल ने कहा है कि उनका यह मानना है कि उत्तराखंड की जनता 2017 की भूल को सुधार कर हरीश रावत को 2022 में मुख्य चेहरे के रूप में चाह रही है। हरीश रावत बहुत ही संघर्षशील, अनुभवी व कर्मठ नेता हैं। उन्हें उत्तराखंड के गांव स्तर की समझ है। प्रदेश के युवाओं, माताओं व बहिनों में उनका खासा सम्मान है। रावत की खूबी है कि जमीन से जुड़े नेता हैं और हजारों लोगों को नाम से जानते हैं। अन्य किसी राजनैतिक दल में उनके स्तर को कोई नेता मौजूद नहीं है। कुंजवाल ने कहा है कि इसको देखते हुए हरीश रावत को बतौर चेहरा घोषित किया जाना पार्टी के हित में होगा।
