शाहजहांपुर: टैक्टर-ट्राली ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटी की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

शाहजहांपुर/खुटार। शाहजहांपुर जिले में मंगलवार को खुटार-बंडा मार्ग पर धान भरी ट्रैक्टर ट्राली ने ओवरटेक कर रहे बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार मां-बेटी व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर घायलों को सीएचसी ले गए, जहां मां-बेटी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक …

शाहजहांपुर/खुटार। शाहजहांपुर जिले में मंगलवार को खुटार-बंडा मार्ग पर धान भरी ट्रैक्टर ट्राली ने ओवरटेक कर रहे बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार मां-बेटी व चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीर घायलों को सीएचसी ले गए, जहां मां-बेटी को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। युवक की हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली को राहगीरों ने पकड़ लिया जबकि चालक फरार हो गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जनपद लखीमपुर खीरी के थाना सिंगाही के गांव तकियापूर्वा निवासी 28 वर्षीय अजयपाल अपनी पत्नी ललिता देवी व दो वर्षीय पुत्री आरोही को बाइक से लेकर थाना बंडा के गांव मोहद्दीनपुर मुड़ा अपनी सुसराल गए थे। आठ दिन पूर्व ससुर की मौत हो गई थी। जहां अंतिम संस्कार में शामिल होने गए थे।

मंगलवार को तीनों लोग बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में खुटार-बंडा मार्ग पर गांव मलिका मोड़ के पास धान से भरी टैक्टर ट्राली ने ओवरटेक करते समय बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर पकड़ लिया। लेकिन चालक फरार हो गया।

सड़क हादसा होने के बाद गांव रूरा के रहने वाले सुखवंत सिंह ने अपनी कार से घायलों को खुटार के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने ललिता और उसकी पुत्री आरोही को मृत घोषित कर दिया। जबकि अजयपाल की हालत गंभीर होने पर मे‍डिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और अजय पाल के मोबाइल से परिवार के लोगों को सूचना दी। उसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जानकारी ली।

धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली को पुलिस ने थाने में खड़ा करा दिया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने बताया कि महिला और उसकी पुत्री के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटनास्थल पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्राली को थाने ले आए है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार