लखीमपुर-खीरी: युवक ने गोली मारकर की आत्महत्या, ये रही वजह
पलिया-खीरी, अमृत विचार। युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे हत्या के आरोपी ने अपने घर में ही गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हत्या के आरोपी का शव उसी के घर में मिलने की सूचना की जानकारी पुलिस को मिलते ही एडिशनल एसपी व सीओ मौके पर जा पहुंचे और छानबीन …
पलिया-खीरी, अमृत विचार। युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में फरार चल रहे हत्या के आरोपी ने अपने घर में ही गोली मारकर आत्महत्या कर ली। हत्या के आरोपी का शव उसी के घर में मिलने की सूचना की जानकारी पुलिस को मिलते ही एडिशनल एसपी व सीओ मौके पर जा पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को मौके से दो अवैध असलहे व पांच जीवित कारतूस भी बरामद हुए हैं। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर छानबीन शुरू कर दी है। उधर मृतक के परिजन घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दे रहे हैं।
दो जनवरी की शाम को थाना संपूर्णानगर क्षेत्र के गांव बम नगर सेमरी निवासी भूपेंद्र सिंह (30) पुत्र बलवीर सिंह की उस समय रोड पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी जब वह शाम को बम नगर से पैदल अपने घर के लिए जा रहा था। सरे शाम युवक की हत्या के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए छानबीन शुरू कर दी थी।
पुलिस ने मृतक के पिता की तहरीर पर जसविंदर सिंह उर्फ पप्पू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए थे। हत्या की वारदात में शामिल आरोपी जसविंदर सिंह को एक सप्ताह बाद भी पुलिस नहीं पकड़ सकी थी।
हत्या के आरोपी जसविंदर सिंह की मां के मुताबिक वह सुबह करीब साढ़े छह बजे दूध लेने के लिए गई हुई थी जब वह करीब सात बजे घर पहुंची तो उसे चारपाई पर उसके बेटे का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। कुछ ही देर में घटना की सूचना पूरे क्षेत्र में आग की तरह फैल गई।
सूचना मिलते ही संपूर्णानगर कोतवाली पुलिस से लेकर एडिशनल एसपी व सीओ संजय नाथ तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे। पुलिस ने घटना की छानबीन शुरू कर दी है मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुला लिया गया है। मृतक के परिजन घटना को आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या करार दे रहे हैं। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
