बरेली: छात्रावासों में होगा सुधार, ज्यादा शुल्क देने को रहें तैयार
बरेली,अमृत विचार। छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार के साथ ही शुल्क बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है। छात्रावासों का बिजली संकट दूर करने के लिए जहां सोलर पैनल लगाए जाएंगे। वहीं, खाने-पीने की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। सभी छात्रावासों में वाचनालय भी खोला जाएगा। हालांकि, इसके लिए छात्रों को अधिक शुल्क चुकाना …
बरेली,अमृत विचार। छात्रावासों की व्यवस्था में सुधार के साथ ही शुल्क बढ़ाने की तैयारी भी की जा रही है। छात्रावासों का बिजली संकट दूर करने के लिए जहां सोलर पैनल लगाए जाएंगे। वहीं, खाने-पीने की व्यवस्था भी दुरुस्त की जाएगी। सभी छात्रावासों में वाचनालय भी खोला जाएगा। हालांकि, इसके लिए छात्रों को अधिक शुल्क चुकाना पड़ेगा। छात्रावास का 50 फीसदी से अधिक किराया और खाने का शुल्क भी बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। कुलपति की अनुमति के बाद चालू या अगले सत्र से इसे लागू किया जा सकता है।
विश्वविद्यालय में कुल 9 छात्रावास हैं। इनमें न्यू ब्वॉयज हॉस्टल, पीजी हास्टल, मेन हॉस्टल, नानाजी देशमुख हॉस्टल और बीडीए हॉस्टल शामिल हैं। इसके अलावा गर्ल्स के मेन हॉस्टल, मनरोमा, समाज कल्याण व केलकर हॉस्टल हैं। कुलपति प्रो. केपी सिंह ने 3 जनवरी को रविवार के दिन अचानक विश्वविद्यालय के छात्रावासों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान ढेरों खामियां मिली थीं। उन्होंने गर्ल्स हॉस्टल्स का भी निरीक्षण किया था। दैनिक ‘अमृत विचार’ ने भी दूसरे दिन छात्रावासों की हकीकत परखी तो कई कमियां सामने आईं थीं। कुलपति ने चीफ वार्डन व वार्डन को छात्रावासों में व्यवस्थाएं सुधारने के निर्देश दिए थे। उन्होंने छात्रों के खाने की क्वालिटी भी सुधारने के निर्देश दिए थे।
कुलपति की सख्ती के बाद ही छात्रावासों में सुधार की तैयारी शुरू हो गई। कुछ दिनों पहले चीफ वार्डन योगेंद्र प्रसाद ने पीजी व शोध छात्रावास के सभी छात्रावास वार्डनों के साथ बैठक की थी। इसमें 12 बिंदुओं पर निर्णय लिए गए। इसमें कई सुविधाओं के साथ शुल्क बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा गया। छात्रावास का शुल्क 10 हजार से बढ़ाकर 15 हजार और खाने का प्रतिदिन का शुल्क 90 रुपये करने का प्रस्ताव भी शामिल था।
इसके अलावा छात्रों की इम्युनिटी बढ़ाने के लिए स्टेडियम में मौजूद जिम और खेलकूद संबंधी सुविधाएं छात्रों के लिए शुरू करने का भी प्रस्ताव तैयार किया गया है। विश्वविद्यालय के स्थापना दिवस पर छात्रावासों के छात्रों के बीच खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाए। अब ये सभी प्रस्ताव कुलपति के पास भेज दिए गए हैं।
ये हैं प्रस्ताव
– सभी छात्रावासों के खानपान प्रबंधकों का पंजीकरण कराया जाए
– पंजीकरण कमेटी बने जिसमें सभी छात्रावास के चीफ वार्डन, वार्डन, सहायक वार्डन और छात्र भी शामिल हों
– कैटरर्स के कोटेशन लिए जाएं या टेंडर हों और मेस संचालन का प्रबंधन भी कोटेशन से हो
– बिजली की समस्या के लिए सभी छात्रावासों में सौर पैनल लगाए जाएं
– सभी छात्रावासों में फर्नीचर की कमी पूरी की जाए
– छात्रावासों के सामने ओपन जिम खोले जाएं
– छात्रावासों में बिजलीकर्मी की ड्यूटी रात 12 बजे तक की जाए
“छात्रावासों का शुल्क व खाने का शुल्क कई वर्ष पहले किया गया था। छात्रावासों में सोलर पैनल, ओपन जिम समेत कई नई सुविधाएं शुरू करने के प्रस्ताव तैयार किए हैं। शुल्क भी बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है।” -योगेंद्र सिंह, चीफ वार्डन रुविवि
