शाहजहांपुर: चकमार्ग के विवाद में किसान की गोली मारकर हत्या
अमृत विचार, शाहजहांपुर/ बंडा। एक सप्ताह पहले बने चकमार्ग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अचानक हुई घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। एसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर …
अमृत विचार, शाहजहांपुर/ बंडा। एक सप्ताह पहले बने चकमार्ग को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। जिसमें एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अचानक हुई घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। एसपी ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात कर कर दी गई है।
घटना के बाद गुस्स्साए पीड़ित परिवार के लोगों ने पुलिस के सामने ही आरोपी की कई एकड़ गेहूं की फसल ट्रैक्टर से जोत कर तहस नहस कर दी। बंडा थाना क्षेत्र के गांव गुनहा खमरिया निवासी मुकुट सिंह ने बताया कि वह पांच भाइयों में सबसे बड़ा है। उससे छोटे हुकुम सिंह, मेवाराम, राधेश्याम व सबसे छोटा भाई रतीराम है।
गांव चिल्हौटा निवासी कृष्ण कुमार का उनके खेत के आगे खेत है। कृष्ण कुमार की मेढ़ पर जमुनिया निवासी रामदास का खेत है। मेरी बगैर मर्जी से कृष्ण कुमार ने मेरे खेत व रामदास के खेत के बीच से एक सप्ताह पहले पुलिस व लेखपाल से मिलकर चकमार्ग की पैमाइश कराई थी जो कि पूरी तरह से गलत हुई।
खेत के मेढ़ के पास चक मार्ग निकाल दिया था। जिससे उसकी गेहूं फसल बर्बाद हो गई थी। शुक्रवार को उनके छोटे भाई रतीराम (50) और उनसे बड़े राधेश्याम खेत पर आलू की फसल पर मिट्टी चढ़ा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे कृष्ण कुमार अपने तीनों पुत्रों रजनीश उर्फ मुल्लन, कुलदीप व नन्हे उर्फ संदीप, ज्ञानेंद्र के पुत्र शिवम व गांव के अखिलेश पांडेय के साथ ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे और पशु रोकने के लिए लगाए गए तारों को खोलने लगे।
जिसका उसके भाई रतीराम व राधेश्याम ने विरोध किया और चकमार्ग पर ट्रैक्टर निकालने से मना किया तो सभी आरोपियों ने उसके भाइयों गालियां देने लगे। जब उसके भाइयों ने विरोध किया तभी अखिलेश पांडेय ने चिल्लाकर गोली मारने को कहा। तो रजनीश ने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से रतीराम के ऊपर फायर कर दिया।
वहीं कृष्ण कुमार के हाथ में लाइसेंसी रायफल व तमंचा भी था। रतीराम के फायर लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने रतीराम को बंडा सीएचसी भिजवाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं रतीराम के भतीजे सुरेंद्र सिंह ने छह आरोपियों लोगों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस की लापरवाही की वजह से हुई घटना
पांच दिन पहले चकमार्ग की नाप होने के बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष ने तहरीर भी दी थी लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। रतीराम के भाई मुकुट सिंह का आरोप है कि पुलिस व राजस्व की टीम ने उनकी बगैर मर्जी से खेत की नाप कर गेहूं की फसल नष्ट करवा दी। जबकि वहां पहले कभी चकमार्ग नहीं था। इसी को लेकर तीन दिन पहले कृष्ण कुमार के पुत्र राजनीश और रतीराम के भतीजे सुरेंद्र सिंह के बीच विवाद हुआ था। जिसकी तहरीर थाने में दी थी। लेकिन पुलिस ने लापरवाही दिखाते हुए मामले का संज्ञान नहीं लिया।
दोनों पक्षों में चकमार्ग को लेकर विवाद था। रास्ते से निकलने को लेकर विवाद हो गया। जिसमें गोली मारकर हत्या कर दी। मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है।-एस आनंद, एसपी
