बरेली: 4900 स्वास्थ्यकर्मियों को 22 जनवरी को लगेगी वैक्सीन
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वैक्सीन लगाने को लेकर शासन के निर्देश पर तय हुए दिनों पर पहले चरण का वैक्सीनेशन होगा। बरेली में पहले चरण का ट्रायल होने के बाद 22 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू होना है। सोमवार रात स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में तय हुआ कि 49 सेशन पर वैक्सीन लगाई …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना की वैक्सीन लगाने को लेकर शासन के निर्देश पर तय हुए दिनों पर पहले चरण का वैक्सीनेशन होगा। बरेली में पहले चरण का ट्रायल होने के बाद 22 जनवरी से वैक्सीनेशन शुरू होना है।
सोमवार रात स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठक में तय हुआ कि 49 सेशन पर वैक्सीन लगाई जाएगी। हर सेशन में 100 स्वास्थ्यकर्मियों का वैक्सीनेशन होगा। इस तरह पहले सेशन में 4900 लोगों को वैक्सीन लगाई जाएगी। इस बार होने वाले वैक्सीनेशन में आईटीबीपी के 33 स्वास्थ्यकर्मियों का भी वैक्सीनेशन होगा।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आरएन सिंह ने बताया कि रेलवे और पैरामिलिट्री फोर्स के स्वास्थ्यकर्मियों के लिए शासन की ओर से 380 डोज मिली हैं। इसके अलावा न्यू मॉडल कालोनी के चार लोग, बरेली सिटी हेल्थ यूनिट के पांच लोग, ईएसआईसी के 83 स्वास्थ्यकर्मियों, ईएसआईसी बीओ बरेली के तीन स्वास्थ्यकर्मियों, मंडलीय चिकित्सालय इज्जतनगर के 118 स्वास्थ्यकर्मियों को वैक्सीन लगाई जाएगी।
सभी स्वास्थ्यकर्मियों के वैक्सीनेशन से पहले वैरिफायर स्वास्थ्यकर्मियों की पहचान कागजों से तो पुख्ता करेगा ही, इसके साथ ही फोटो खींचकर कोविन एप पर अपलोड भी करेगा। इसके बाद ही वैक्सीनेशन किया जाएगा। इस दौरान वैक्सीनेटर विशेष वी-विन शील्ड भी लगाए रखेंगी। पहले चरण में जिन लोगों को टीके लगाए जाएंगे, उन्हें दूसरा टीका 28 दिन बाद फिर लगेगा।
