चीन के बारे में राहुल की सरकार को चेतावनी, समय पर जवाब नहीं दिया तो रोकना होगा कठिन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अरुणाचल प्रदेश में चीन के गांव बसाने की खबर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि चीन बहुत रणनीतिक तरीके से भारत के खिलाफ कदम उठा रहा है और यदि समय पर उसे जवाब नहीं दिया गया तो बाद में उसे रोकना कठिन हो …

नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने अरुणाचल प्रदेश में चीन के गांव बसाने की खबर पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि चीन बहुत रणनीतिक तरीके से भारत के खिलाफ कदम उठा रहा है और यदि समय पर उसे जवाब नहीं दिया गया तो बाद में उसे रोकना कठिन हो जाएगा। राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल पर कहा कि चीन गंभीर खतरा है और भारत सरकार को उसकी रणनीति को समझ लेना चाहिए।

उनका कहना था कि उन्होंने पहले कोरोना के बारे में सरकार को चेतावनी दी लेकिन उनकी बात को हल्के में लिया गया और अब वह चीन के बारे में चेतावनी दे रहे हैं और इसे हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा “चीन हमारा टेस्ट ले रहा है। उसने दो बार डोकलाम और लद्दाख में हमारा टेस्ट लिया। वह हमारी कमजोरी को देख रहा है और समझ रहा है। भारत ने उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की है और स्पष्ट रणनीति नहीं बनाई है। चीन दबाव बनाकर काम करने वाली नीति पर चलता है और वह हमारी कमजोरी का फायदा उठाएगा और जब वह फायदा उठाना शुरू करेगा तो उसे रोकना कठिन हो जाएगा।”

कांग्रेस नेता ने कहा कि वह जो भी बोलते हैं सही बोलते हैं और वही बोलते हैं जो होने वाला है। चीन एक सोची समझी रणनीति के तहत काम कर रहा है और जिस नीति से वह चल रहा है वह खतरनाक है और उसे समय पर रोकना आवश्यक है। इससे पहले राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था “मैं देश को झुकने नहीं दूंगा।” पार्टी के संचार विभाग के प्रमुख रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भी इस खबर को पोस्ट करने के साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सवाल किया, “मोदी जी का ‘56 इंच’ का सीना कहां है”

गोपनीयता का उल्लंघन करने वालों पर हो आपराधिक कार्रवाई: राहुल
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि बालाकोट हवाई हमले को लेकर सूचना लीक होना गंभीर अपराध है और जिसने भी यह सूचना बाहर दी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी आवश्यक है। राहुल गांधी ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ी इस महत्वपूर्ण सूचना का लीक होना बहुत गंभीर अपराध है और जिसने भी राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी यह गोपनीयता तोड़ी है उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि जो सूचना लीक हुई है उसकी जानकारी हवाई हमला करने वाले पायलट को भी पहले नहीं दी जाती है। इसकी जानकारी सिर्फ पांच लोगों प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, वायु सेना प्रमुख और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार को ही होती है और इन्हीं पांच लोगों में से किसी ने इस सूचना को लीक किया है और जिसने भी यह सूचना बाहर दी है उसके खिलाफ आपराघिक कार्रवाई की जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा “हो सकता है यह सूचना खुद प्रधानमंत्री ने दी हो। इन पांच ही लोगों में से किसी ने यह सूचना एक पत्रकार को दी है और यह आफिसियल सीक्रेट का उल्लंघन तथा गंभीर अपराध है। अगर अर्नब गोस्वामी को बालाकोट एयर स्ट्राइक के बारे में पता था तो मुझे लगता है कि पाकिस्तान को भी इसकी जानकारी होगी। यह सूचना देने वाले के खिलाफ अगर अभी नहीं तो फिर बाद में कार्रवाई होगी।”

गौरतलब है कि टीआरपी से जुड़े कथित घोटाला मामले में पत्रकार अर्नब गोस्वामी का एक कथित व्हाट्सएप चैट सोशल मीडिया पर चल रहा है जिसमें वह पुलवामा जिले में अर्द्धसैनिक बलों के काफिले पर हुए आंतकवादी हमले को आम चुनाव से ठीक पहले बड़ी जीत बता रहे हैं। बालाकोट में भारतीय सेना द्वारा किए गए हवाई हमले की जानकारी पहले से होने का भी दावा कर रहे है।

संबंधित समाचार