हल्द्वानी: स्वच्छता जागरुकता के लिए घर के बाहर ही लिखवाया स्लोगन
हल्द्वानी,अमृत विचार। स्वच्छता को लेकर देशभर में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग इस अभियान पर पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़कों पर गंदा पानी, कूड़ा आदि फैला रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरुक करने के लिए नगर निगम हल्द्वानी में सामाजिक …
हल्द्वानी,अमृत विचार। स्वच्छता को लेकर देशभर में अनेक प्रयास किए जा रहे हैं। इसके बावजूद कुछ लोग इस अभियान पर पलीता लगाने से बाज नहीं आ रहे। शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़कों पर गंदा पानी, कूड़ा आदि फैला रहे हैं। ऐसे में लोगों को जागरुक करने के लिए नगर निगम हल्द्वानी में सामाजिक विकास अधिकारी के तौर पर तैनात सुरेश अधिकारी ने अनोखा तरीका निकाला है। उनकी इस पहल की लोग सराहना कर रहे हैं।
शहर के ऊंचापुल क्षेत्र में रहने वाले सुरेश ने अपनी कालोनी में गंदगी देख अपने घर की दिवारों पर ही स्वच्छता जागरुकता संबंधी बोर्ड चस्पा करवा दिया है। उनका कहना है कि नवनिर्मित कालोनी की सड़कों पर घरों का पानी इकठ्ठा होने के कारण जगह-जगह गढ्ढे हो गए हैं। लोगों ने रैंप बनवाकर नालियां कवर कर दी हैं, जिससे सफाई न होने से नालियां चोक हो गयी हैं। आलम यह है कि कालोनी में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे पड़े हैं। जबकि वहां रोजाना कूड़ा गाड़ियों द्वारा कूड़ा एकत्र किया जाता है। लोग उपयोग के बाद मास्क तक सड़कों पर फेंक देते हैं, जिससे गंभीर बीमारियों की होने की आशंका बनी रहती है। सुरेश का मानना है कि लोगाें को टोकने पर वह बुरा भी मान सकते हैं इसलिए अपने तरीके से लोगों को जागरुक करने का प्रयास कर रहे हैं।
